अब इंसानों की तरह बात करेगा ChatGPT, OpenAI ने पेश किया GPT-लाइव मॉडल
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) OpenAI ने ChatGPT के लिए नया GPT-लाइव वॉइस मॉडल लॉन्च किया है। कंपनी का दावा है कि यह पहले के मुकाबले अधिक स्वाभाविक और इंसानों जैसी बातचीत का अनुभव देगा। नए मॉडल के आने के बाद बातचीत के दौरान रुकावट काफी कम होगी और जवाब भी ज्यादा सहज तरीके से मिलेंगे। OpenAI ने GPT-लाइव-1 और GPT-लाइव-1 मिनी नाम के दो नए मॉडल पेश किए हैं, जो पुराने एडवांस्ड वॉइस मोड की जगह लेंगे।
काम
ऐसे करेगा काम नया GPT-लाइव मॉडल
GPT-लाइव की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह एक साथ सुन और बोल सकता है। पहले की तरह यूजर के बोलना खत्म होने का इंतजार नहीं करता, बल्कि बातचीत के दौरान ही जानकारी समझता और जवाब तैयार करता रहता है। इससे बातचीत का प्रवाह बना रहता है। जरूरत पड़ने पर यह अनुवाद, खोज और दूसरी जटिल प्रक्रियाएं भी बैकग्राउंड में पूरी करता है और बाद में उनका परिणाम बातचीत में शामिल कर देता है।
खासियत
बातचीत होगी पहले से ज्यादा स्वाभाविक
नया मॉडल बातचीत के दौरान इंसानों की तरह छोटे-छोटे जवाब भी दे सकता है। उदाहरण के लिए, यह "हां", "ठीक है" या "समझ गया" जैसे शब्द बोलकर सामने वाले को यह महसूस कराता है कि वह लगातार बातचीत सुन रहा है। इसके अलावा, मौसम, शेयर बाजार और खेल जैसी जानकारी के लिए यह विजुअल कार्ड भी दिखा सकता है। साथ ही तस्वीर और फाइल अपलोड जैसी सुविधाएं पहले की तरह मिलती रहेंगी।
सुरक्षा
सुरक्षा और बेहतर प्रदर्शन पर भी दिया गया ध्यान
OpenAI का कहना है कि GPT-लाइव ने पुराने वॉइस मॉडल की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया है। कंपनी ने इसमें सुरक्षा के लिए कई नए उपाय भी जोड़े हैं। यह संवेदनशील विषयों पर सावधानी से जवाब देता है और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित मैसेज भी दिखाता है। किशोर यूजर्स के लिए इसमें अलग सुरक्षा सुविधाएं और पैरेंट कंट्रोल भी जोड़े गए हैं, ताकि इसका इस्तेमाल अधिक सुरक्षित बनाया जा सके।
उपलब्धता
इन यूजर्स के लिए शुरू हुआ नया फीचर
OpenAI ने बताया है कि GPT-लाइव को एंड्रॉयड, iOS और वेब प्लेटफॉर्म पर चरणबद्ध तरीके से उपलब्ध कराना शुरू कर दिया गया है। ChatGPT गो, प्लस और प्रो यूजर्स को GPT-लाइव-1 मिलेगा, जबकि मुफ्त यूजर्स के लिए GPT-लाइव-1 मिनी डिफॉल्ट मॉडल रहेगा। कंपनी आने वाले कुछ ही दिनों में इसे डेवलपर्स के लिए भी उपलब्ध कराएगी। फिलहाल वीडियो और स्क्रीन शेयरिंग की सुविधा पुराने वॉइस मोड के साथ ही जारी रहेगी।