OpenAI कर रही नए 'परसिस्टेंट मोड' की टेस्टिंग, बिना यूजर के भी काम करेगा AI
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी OpenAI अपने कोडेक्स में एक नए तरीके की टेस्टिंग कर रही है, जो सामान्य चैटबॉट से अलग तरीके से काम कर सकता है। यह यूजर के लॉग आउट होने के बाद भी कुछ काम जारी रख सकेगा। वायर्ड की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी कमांड लाइन वाले कोडेक्स के लिए 'परसिस्टेंट मोड' की जांच कर रही है। हालांकि, OpenAI ने कहा है कि फिलहाल इसे तुरंत जारी करने की कोई योजना नहीं है।
खासियत
अपने लिए आगे के काम तय करेगा कोडेक्स
वायर्ड के मुताबिक, इस नए मोड में कोडेक्स किसी काम के पूरा होने के बाद तुरंत रुकने के बजाय आगे के जरूरी काम खुद तय कर सकता है।
यह यूजर की पहली मांग और पिछली बातचीत से मिली जानकारी का इस्तेमाल करके नए काम बना सकता है। इसके बाद अलग-अलग सत्रों में उन कामों पर आगे बढ़ सकता है।
सिस्टम में जरूरत पड़ने पर यूजर को खुद मैसेज भेजने की सुविधा बताई गई है, लेकिन इसका इस्तेमाल सीमित रखा जाएगा।
अन्य खासियत
यूजर के दूर रहने पर भी करेगा काम
परसिस्टेंट मोड का खास फीचर यह है कि कोडेक्स यूजर के कंप्यूटर से दूर होने के बाद भी कुछ समय तक काम करता रह सकता है।
इसे ऐसे समझ सकते हैं कि आपने AI को कोई प्रोजेक्ट व्यवस्थित करने को कहा और उसके बाद चले गए। आपकी गैरमौजूदगी में वह छोटे कामों को आगे बढ़ाता रहे।
इस तरह कोडेक्स सामान्य चैटबॉट के बजाय ऐसे डिजिटल सहायक जैसा काम कर सकता है, जो खुद आगे बढ़कर जरूरी काम करता रहे।
काम
बिना अनुमति के बड़े काम नहीं करेगा
इस नए तरीके में AI को पूरी आजादी नहीं दी जाएगी। परसिस्टेंट मोड को अपने आप ज्यादा काम करने की अनुमति नहीं होगी।
यूजर के कंप्यूटर से बाहर किसी काम को करने के लिए स्पष्ट मंजूरी जरूरी होगी। यह सुरक्षा व्यवस्था इसलिए अहम है, क्योंकि AI बिना लगातार निगरानी के काम कर सकता है।
OpenAI ने फीचर की टेस्टिंग की पुष्टि की है, लेकिन इसे आम यूजर्स के लिए जारी करने की तारीख अभी नहीं बताई है।