OpenAI कर रही ChatGPT चैट की समीक्षा, इंसान पढ़ते हैं यूजर्स की बातें
क्या है खबर?
OpenAI अपने ChatGPT सिस्टम को बेहतर बनाने के लिए यूजर्स की असली बातचीत की जांच करवा रही है। 404 मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, इस काम के लिए सैकड़ों कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों की मदद ली जा रही है। ये कर्मचारी ChatGPT के सवाल और जवाब पढ़ते हैं, उनकी गुणवत्ता देखते हैं और कमियों को दर्ज करते हैं। इस प्रक्रिया में कुछ ऐसी बातचीत भी सामने आ सकती है, जिनमें यूजर्स की निजी या संवेदनशील जानकारी मौजूद हो।
जांच
चार जवाबों की होती है जांच
रिपोर्ट में बताया गया है कि कर्मचारियों को सबसे पहले यूजर का सवाल पढ़ना होता है।
इसके बाद वे यह समझते हैं कि यूजर किस तरह की मदद चाहता था। फिर ChatGPT के चार अलग-अलग जवाबों की समीक्षा की जाती है। हर जवाब में कम से कम तीन हिस्से चिन्हित करने होते हैं और उनके बारे में कारण लिखना पड़ता है।
अंत में सभी जवाबों को एक से सात तक अंक देकर उनकी गुणवत्ता तय की जाती है।
खतरा
निजी जानकारी सामने आने का खतरा
इस समीक्षा प्रक्रिया को लेकर यूजर्स की निजता पर सवाल उठ रहे हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ चैट में लोगों की व्यक्तिगत और संवेदनशील बातें शामिल हो सकती हैं। कंपनी बातचीत को जांच के लिए भेजने से पहले प्राइवेसी फिल्टर का इस्तेमाल करती है।
इसका उद्देश्य निजी जानकारी हटाना है, लेकिन यह सिस्टम हर बार सही तरीके से काम नहीं करता। ऐसे में समीक्षा करने वाले कर्मचारियों के सामने संवेदनशील जानकारी आने की संभावना बनी रहती है।
इस्तेमाल
सेटिंग बदलकर रोक सकते हैं इस्तेमाल
समीक्षा प्रक्रिया में यूजर्स का नहीं दिखाई देता है, लेकिन आप अपनी चैट इस्तेमाल होने से रोक सकते हैं।
इसके लिए ChatGPT की सेटिंग्स खोलकर डाटा कंट्रोल्स में जाकर 'सभी के लिए मॉडल को बेहतर बनाएं' विकल्प को बंद कर दें। मुफ्त, प्लस और प्रो खातों में यह सुविधा आम तौर पर चालू रहती है।
वहीं एंटरप्राइज, बिजनेस और एजुकेशन खातों में यह पहले से बंद रहती है। अन्य AI कंपनियां भी इंसानी समीक्षा का इस्तेमाल करती हैं।