OpenAI ने मॉडल्स का जोखिम देखने वाली प्रिपर्डनेस टीम को किया भंग
OpenAI ने अपनी प्रिपर्डनेस टीम को भंग कर दिया है। इस टीम का काम आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल्स से पैदा होने वाले सबसे बड़े खतरों पर नजर रखना था।
यह कदम जुलाई में उठाया गया और यह तब हुआ, जब एक और सुरक्षा से जुड़ी टीम को पहले ही खत्म कर दिया गया था। इस बदलाव से साफ है कि कंपनी अब AI जोखिमों से निपटने के अपने पुराने शोध-आधारित तरीके से दूर जा रही है।
अब खुद को सुधारने वाले AI पर ध्यान
इस बदलाव के बाद प्रिपर्डनेस टीम के वरिष्ठ सदस्यों को OpenAI की मौजूदा टीमों में शामिल कर दिया गया है। अब वे साइबर और बायो जैसे खास सुरक्षा पहलुओं पर काम करेंगे।
टीम के मुखिया रहे डायलन स्कैंडिनारो अब अपना पूरा ध्यान खुद को बेहतर बनाने वाले AI से जुड़े खतरों पर लगा रहे हैं। यह सब ऐसे समय हो रहा है, जब कंपनी अपने नेतृत्व में कई बदलावों का सामना कर रही है और एक संभावित 1,000 अरब डॉलर (करीब 90,000 अरब रुपये) के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) की तैयारी में जुटा है। दूसरी तरफ, ज्यादा स्मार्ट और सुरक्षित AI बनाने की दौड़ में उसकी प्रतिद्वंद्वी कंपनी एंथ्रोपिक तेजी से आगे निकल रही है।