OpenAI बना रही AI-आधारित स्मार्टफोन, जानिए क्या होंगी इसमें खूबियां
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी OpenAI हार्डवेयर क्षेत्र में एक बड़ा कदम उठाने की तैयारी में है और इस बार उसका लक्ष्य स्मार्टफोन हो सकता है। सप्लाई चेन विश्लेषक मिंग-ची कुओ ने बताया है कि कंपनी मीडियाटेक, क्वालकॉम और लक्सशेयर के साथ मिलकर एक नए AI-केंद्रित फोन पर काम कर रही है, जिसका बड़े पैमाने पर उत्पादन 2028 में शुरू हो सकता है। यह कोई साधारण फोन नहीं होगा, जिसमें सिर्फ ऐप आइकन मिलते हैं।
फायदा
AI एजेंट्स पर आधारित होगा फोन
कुओ का कहना है कि OpenAI एक ऐसे डिवाइस पर काम कर रहा है, जो AI एजेंट्स पर आधारित होगा, जहां फोन यूजर के वास्तविक समय के संदर्भ को समझेगा और कार्यों को सीधे तरीके से पूरा करने में मदद करेगा। एक्स पोस्ट में उन्होंने लिखा, "OpenAI, मीडियाटेक और क्वालकॉम के साथ मिलकर स्मार्टफोन प्रोसेसर विकसित कर रहा है, जिसमें लक्सशेयर सिस्टम डिजाइन और निर्माण भागीदार है। बड़े पैमाने पर उत्पादन 2028 में शुरू होने की उम्मीद है।"
उपयोगी
बार-बार ऐप्स खोलने की जरूरत होगी खत्म
कुओ ने स्पष्ट किया कि यह उन यूजर्स के लिए उपयोगी होगा, जो ढेर सारे ऐप्स का उपयोग नहीं करना चाहते और फोन के माध्यम से अपने कार्यों को पूरा करना चाहते हैं। आगामी स्मार्टफोन में ऐप्स के बीच बार-बार टैप करने की जरूरत नहीं होगी, बल्कि फोन से बस काम पूरा करने के लिए कहना होगा। कंपनी को AI एजेंट सेवा प्रदान करने के लिए हार्डवेयर और ऑपरेटिंग सिस्टम पर नियंत्रण की आवश्यकता हो सकती है।