OpenAI ने घटाईं GPT-5.6 AI मॉडल्स की कीमतें, किमी K3 को मिलेगी कड़ी टक्कर
क्या है खबर?
OpenAI ने अपने फ्लैगशिप AI मॉडल्स की कीमतें कम करने का ऐलान किया है। कंपनी के CEO सैम ऑल्टमैन ने बताया कि GPT-5.6 लूना और GPT-5.6 टेरा अब पहले की तुलना में काफी सस्ते होंगे। GPT-5.6 लूना की नई शुरुआती कीमत 0.20 डॉलर प्रति 10 लाख इनपुट टोकन और GPT-5.6 टेरा की 2 डॉलर प्रति 10 लाख इनपुट टोकन कर दी गई है। कंपनी का कहना है कि यह फैसला बढ़ती प्रतिस्पर्धा को देखते हुए लिया गया है।
कीमत
लूना और टेरा की कीमत में बड़ी कमी
ऑल्टमैन के अनुसार, GPT-5.6 लूना की कीमत में 80 प्रतिशत और GPT-5.6 टेरा की कीमत में 20 प्रतिशत की कटौती की गई है।
लूना के लिए आउटपुट टोकन की कीमत 1.20 डॉलर (लगभग 115 रुपये) प्रति 10 लाख और टेरा के लिए 12 डॉलर (लगभग 1,150 रुपये) प्रति 10 लाख तय की गई है।
नई कीमतों के बाद दोनों मॉडल चीन के किमी K3 जैसे कई लोकप्रिय AI मॉडल से भी सस्ते हो गए हैं।
फास्ट मोड
GPT-5.6 सोल के लिए आया नया फास्ट मोड
OpenAI ने अपने सबसे उन्नत GPT-5.6 सोल मॉडल के लिए नया फास्ट मोड भी शुरू किया है।
कंपनी के अनुसार, इस मोड में पहले से करीब ढाई गुना तेज जवाब मिलेंगे, लेकिन इसके लिए सामान्य सेवा की तुलना में दोगुनी कीमत देनी होगी।
OpenAI का कहना है कि उसने अपने सिस्टम को अधिक कुशल बनाया है, जिससे सेवा की लागत में भी करीब 20 प्रतिशत की कमी आई है और मॉडल की कार्यक्षमता पहले से काफी बेहतर हुई है।
मुकाबला
AI बाजार में बढ़ेगा कीमतों का मुकाबला
OpenAI के इस फैसले से AI बाजार में कीमतों को लेकर प्रतिस्पर्धा और तेज हो सकती है।
कंपनी का दावा है कि उसकी नई कीमतें किमी K3 जैसे कई प्रतिद्वंद्वी मॉडल से भी कम हैं। गूगल, एंथ्रोपिक, मेटा और xAI जैसी कंपनियां भी कम लागत वाले AI मॉडल पर काम कर रही हैं।
ऐसे में आने वाले समय में ग्राहकों को सस्ती और बेहतर AI सेवाएं मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।