OpenAI विवाद: मीरा मुराती ने अदालत में सैम ऑल्टमैन पर लगाए गंभीर आरोप
क्या है खबर?
एलन मस्क और सैम ऑल्टमैन से जुड़े OpenAI विवाद में अब मीरा मुराती भी चर्चा में आ गई है। कंपनी की पूर्व CTO और कुछ समय के लिए CEO रहीं मीरा ने अदालत में कई बड़े बयान दिए हैं। उन्होंने कहा कि ऑल्टमैन हमेशा पूरी तरह साफ और ईमानदार तरीके से बात नहीं करते थे। मुराती के अनुसार, कई बार कंपनी के अंदर अलग-अलग लोगों को अलग बातें बताई जाती थीं, जिससे कामकाज में भ्रम की स्थिति बन जाती थी।
आरोप
मीरा मुरती ने लगाए गंभीर आरोप
मुराती ने अदालत में कहा कि ऑल्टमैन कई जानकारियां छिपाते थे और वरिष्ठ अधिकारियों के बीच प्रतिस्पर्धा बढ़ती जा रही थी। उन्होंने बताया कि इससे कंपनी में भरोसे की कमी पैदा हुई। मुराती के अनुसार, OpenAI जैसे बड़े संगठन में साफ नेतृत्व बहुत जरूरी था, लेकिन अंदरूनी हालात मुश्किल बनते जा रहे थे। उन्होंने यह भी कहा कि 2023 में जब ऑल्टमैन को कुछ समय के लिए हटाया गया, तब कंपनी के अंदर काफी अनिश्चितता और तनाव का माहौल था।
माइक्रोसॉफ्ट
ऑल्टमैन विवाद के दौरान क्या कर रही थी माइक्रोसॉफ्ट?
मुराती की गवाही में यह भी सामने आया कि ऑल्टमैन विवाद के दौरान माइक्रोसॉफ्ट ने सार्वजनिक रूप से तटस्थ रुख रखा। उन्होंने कहा कि कंपनी ने OpenAI बोर्ड पर सीधे दबाव नहीं डाला। हालांकि माइक्रोसॉफ्ट को OpenAI की तकनीक का शुरुआती इस्तेमाल करने का खास अधिकार मिला हुआ था, जिससे उसे दूसरे प्रतिस्पर्धियों पर बढ़त मिली। मुराती ने बताया कि कर्मचारियों द्वारा ऑल्टमैन की वापसी के समर्थन में लिखा गया पत्र भी कर्मचारियों का खुद का फैसला था।
गवाही
शिवोन जिलिस ने भी दी अदालत में गवाही
मस्क के चार बच्चों की मां शिवोन जिलिस ने भी अदालत में बयान दिया। उन्होंने बताया कि उनका और मस्क का रिश्ता धीरे-धीरे दोस्ती से आगे बढ़ा। जिलिस ने कहा कि उन्होंने OpenAI के सह-संस्थापकों और मस्क के बीच बातचीत में कई बार समन्वय बनाने का काम किया। उन्होंने यह भी कहा कि शुरु में उन्हें लगा कि OpenAI अपने गैर-लाभकारी मकसद के साथ आगे बढ़ेगा। बाद में कंपनी की दिशा को लेकर लोगों के बीच चिंता बढ़ने लगी थी।
चिंता
ChatGPT लॉन्च और OpenAI की दिशा पर चिंता
जिलिस ने कहा कि ChatGPT का लॉन्च OpenAI बोर्ड के कई सदस्यों के लिए अचानक था। उनके मुताबिक, इतनी बड़ी तकनीक बिना ज्यादा जानकारी दिए लॉन्च होने पर बोर्ड के अंदर चिंता बढ़ गई थी। उन्होंने यह भी बताया कि मस्क ने पहले सुझाव दिया था कि OpenAI को टेस्ला के साथ जोड़ा जा सकता है। अदालत में हुई इन गवाहियों के बाद OpenAI की अंदरूनी स्थिति और नेतृत्व को लेकर नई बहस शुरू हो गई है।