OpenAI ने अपने नए चिप्स टेस्ट में एनवीडिया प्रोसेसर से बेहतर प्रदर्शन का किया दावा
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी OpenAI ने टेस्टिंग के दौरान उसके नए जलापेनो चिप्स का एनवीडिया के मौजूदा चिप्स से बेहतर प्रदर्शन करने का दावा किया है। इससे कंपनी की इन-हाउस AI प्रोसेसर बनाने की दिशा में हुई तरक्की का पता चलता है। टेस्ट में जलापेनो प्रोसेसर 2 श्रेणियों में सबसे आगे रहा। इसमें प्रति यूनिट पावर में यह कितना AI काम संभाल सकता है और जवाब देने की इसकी रफ्तार शामिल है।
तुलना
एनवीडिया की GB300 चिप से की गई तुलना
OpenAI के चिप प्रमुख चीफ रिचर्ड हो ने एक साक्षात्कार में बताया कि इस सेमीकंडक्टर की तुलना एनवीडिया के GB300 से की गई, जो टेस्ट में इस्तेमाल किए गए सार्वजनिक बेंचमार्किंग सिस्टम पर सबसे बेहतर विकल्प था।
ChatGPT निर्माता इस साल के आखिर में अपने AI मॉडल को सपोर्ट करने के लिए नए चिप्स का इस्तेमाल शुरू करने की योजना बना रही है।
वह खुद के चिप्स बनाने पर काम कर रही कंपनियों की होड़ में शामिल हो गई है।
फायदा
खुद के चिप से कंपनी की लागत में आएगी कमी
हो ने ब्लूमबर्ग टेक शो में कहा कि जैसे-जैसे नई चिप का इस्तेमाल बढ़ेगा, OpenAI के लिए लागत काफी कम हो जाएगी। उन्होंने कहा, "यह वाकई बहुत अच्छी चिप है, इससे लागत में काफी कमी आनी चाहिए।"
उन्होंने कहा कि कंपनी का मकसद अपनी चिप्स के जरिए ज्यादा AI काम निपटाना है, बशर्ते कंपनी जलापेनो का प्रोडक्शन बढ़ा सके और लागत में उम्मीद के मुताबिक बड़ी बचत हो।
कंपनी ने ब्रॉडकॉम के साथ मिलकर इस चिप को बनाया है।