OpenAI ने कोडेक्स में जोड़े नए फीचर्स, अब फोन और क्लाउड से भी कर सकेंगे काम
क्या है खबर?
OpenAI ने अपने सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग एजेंट कोडेक्स में कई नए बदलाव किए हैं। इसके बाद डेवलपर अपने लैपटॉप के अलावा फोन या क्लाउड से भी कोडेक्स का इस्तेमाल कर सकेंगे। कंपनी ने ऐसे क्लाउड डेवलपमेंट एनवायरनमेंट पेश किए हैं, जिन्हें बार-बार इस्तेमाल किया जा सकता है। इनमें पहले से तय सेटिंग्स और परमिशन रखी जा सकती हैं। OpenAI का कहना है कि इससे काम जल्दी शुरू होगा और टीमों को साझा वर्कस्पेस भी मिलेगा।
निर्देश
आवाज से देंगे निर्देश, कई काम होंगे आसान
OpenAI ने कोडेक्स CLI को भी अपडेट किया है।
अब डेवलपर अपनी आवाज का इस्तेमाल करके काम शुरू और निर्देश दे सकेंगे। इसमें नया एजेंट्स व्यू दिया गया है, जिससे एक साथ कई काम सौंपना और उनकी स्थिति देखना आसान होगा।
इसके अलावा, प्रॉम्प्ट में बदलाव करना, पुराने सेशन को दोबारा शुरू करना और वर्कट्री का इस्तेमाल करना भी आसान बनाया गया है। लंबे कामों के दौरान टर्मिनल को पढ़ना भी पहले के मुकाबले आसान होगा।
जांच
कोड की जांच और सुरक्षा में भी मदद
कोडेक्स को ChatGPT डेस्कटॉप ऐप के नए कोड रिव्यू फीचर में इस्तेमाल किया जा सकेगा।
डेवलपर कोड में हुए बदलावों की जानकारी देख सकेंगे और गिटहब या गिटलैब पर भेजने से पहले संभावित समस्याओं के बारे में कोडेक्स से पूछ सकेंगे। OpenAI ने कोडेक्स सिक्योरिटी क्लाउड भी पेश किया है।
इसके जरिए पूरी गिटहब रिपॉजिटरी को मांग पर, तय समय पर या नए कमिट आने पर स्कैन किया जा सकेगा और जरूरत पड़ने पर सुधार भी तैयार किया जा सकेगा।
अन्य
API में भी किए गए कई नए बदलाव
OpenAI ने कोडेक्स के साथ कई API अपडेट भी पेश किए हैं।
इनमें रियल-टाइम फैसलों के लिए नया डिसिशन API शामिल है, जो तय जवाबों के आधार पर यूजर के सवालों का जवाब देने में मदद करेगा। कंपनी ने एजेंट्स API का नया वर्जन भी पेश किया है, जिसमें अब कंप्यूटर इस्तेमाल करने की सुविधा है।
इसके अलावा डेवलपर अमेजन बेडरॉक मैनेज्ड एजेंट्स के जरिए ऐसे OpenAI एजेंट बना सकेंगे, जो पूरी तरह AWS पर चलेंगे।