OpenAI के 7 लोगों को मिली करोड़ों की खास घड़ी, सैम ऑल्टमैन के पास भी एक
क्या है खबर?
OpenAI ने अपने कुछ कर्मचारियों के लिए बेहद खास तोहफा तैयार कराया है। वॉल स्ट्रीट जनरल (WSJ) की रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी ने मशहूर स्विस घड़ी निर्माता वैनगुआर्ट से सात कस्टम घड़ियां बनवाई हैं। इनमें से एक घड़ी सैम ऑल्टमैन के लिए है, जबकि बाकी दूसरे लोगों को दी गई हैं। ये घड़ियां बेहद सीमित संख्या में बनी हैं और इनका डिजाइन सामान्य कॉर्पोरेट मर्चेंडाइज से बिल्कुल अलग है। घड़ी की शुरुआती कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये बताई गई है।
खासियत
घड़ी में लिखा है खास AI मैसेज
इन खास घड़ियों को वैनगुआर्ट के फ्यूचरिस्टिक टाइटेनियम ऑर्ब मॉडल पर बनाया गया है।
घड़ी के रोटर के आसपास "कंप्यूट इज डेस्टिनी" लिखा है, जबकि क्राउन पुशर पर 'स्केलिंग' दिखाई देता है। इसके पीछे पायथन शैली में "अगर AGI एलाइन है, तो डिप्लॉय" लिखा है।
कंपनी के मुताबिक, इसका मतलब AI को आखिरकार शांतिपूर्ण कामों में इस्तेमाल करने से जुड़ा है। घड़ी में OpenAI का लोगो और स्पोर्टी रबर स्ट्रैप भी दिया गया है।
घड़ियां
कुल 200 से भी कम घड़ियां बनाईं
वैनगुआर्ट के मुताबिक, कंपनी ने अब तक कुल 200 से भी कम घड़ियां बनाई हैं।
इस खास प्रोजेक्ट पर उसके 33 कर्मचारियों में से करीब एक तिहाई ने काम किया। घड़ी को ऑटोमैटिक और मैनुअल वाइंडिंग के बीच बदला जा सकता है। इससे पहले भी OpenAI कर्मचारियों को खास घड़ियां मिल चुकी हैं।
इस महीने कंपनी के एक रिसर्च प्रमुख ने करीब 400 कस्टम ट्यूडर घड़ियों में से एक की तस्वीर साझा की थी।
शौक
ऑल्टमैन को महंगी घड़ियों का शौक
ऑल्टमैन खुद भी महंगी और लग्जरी घड़ियों के शौकीन बताए जाते हैं।
उन्हें पहले करीब 6.5 लाख डॉलर की ग्रेबेल फोर्सी घड़ी पहने देखा गया है। उनके पास महंगी कारों और बड़ी संपत्तियों का भी कलेक्शन बताया जाता है।
इनमें करीब 20 लाख डॉलर की कोएनिगसेग रेगेरा और लगभग 2 करोड़ डॉलर कीमत वाली मैकलारेन F1 शामिल है। हवाई में उनकी करीब 22 एकड़ की बड़ी प्रॉपर्टी भी बताई जाती है।