वनप्लस बंद करेगी ऑक्सीजनOS, अमेरिका-यूरोप में नहीं लॉन्च होंगे नए फोन
क्या है खबर?
वनप्लस ने ऐलान किया है कि एंड्रॉयड 17 के साथ उसके सभी नए स्मार्टफोन अब कलरOS 17 पर चलेंगे। कंपनी ने बताया कि ऑक्सीजनOS की जगह कलरOS अपनाने से सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट आसान होगा और यूजर्स को पहले से तेज अपडेट मिलेंगे। जिन मौजूदा वनप्लस फोन को एंड्रॉयड 17 का अपडेट मिलेगा, उन्हें भी अपनी इच्छा से कलरOS 17 पर जाने का विकल्प दिया जाएगा, जिससे बेहतर और अधिक स्थिर अनुभव मिलेगा।
सॉफ्टवेयर
रियलमी भी अपनाएगी यही सॉफ्टवेयर
वनप्लस के साथ-साथ रियलमी ने भी अपने भविष्य के स्मार्टफोन में रियलमी UI की जगह कलरOS 17 इस्तेमाल करने का फैसला किया है।
दोनों कंपनियों का कहना है कि इससे सॉफ्टवेयर पहले से अधिक स्थिर, भरोसेमंद और बेहतर प्रदर्शन वाला बनेगा। साथ ही नए फीचर सभी डिवाइस तक जल्दी पहुंच सकेंगे।
चीन में वनप्लस के कई स्मार्टफोन पहले से इसी सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर रहे हैं और अच्छे परिणाम भी मिले हैं।
अमेरिका
अमेरिका और यूरोप में बंद होंगे नए लॉन्च
वनप्लस ने पुष्टि की है कि वह अमेरिका और यूरोप में नए स्मार्टफोन लॉन्च नहीं करेगा।
कंपनी ने इसे अपनी वैश्विक कारोबारी रणनीति में बदलाव का हिस्सा बताया है। हालांकि, इन देशों में पहले से फोन इस्तेमाल कर रहे ग्राहकों को वारंटी, सॉफ्टवेयर अपडेट और दूसरी जरूरी सेवाएं मिलती रहेंगी।
कंपनी वहां मौजूदा स्टॉक की बिक्री भी पहले की तरह जारी रखेगी और ग्राहकों को पूरा तकनीकी सहयोग भी देती रहेगी।
कारोबार
भारत में कारोबार जारी
वनप्लस ने साफ कहा है कि भारत में उसका कारोबार पूरी तरह सामान्य तरीके से जारी रहेगा।
कंपनी ने भारत से बाहर निकलने की खबरों को अफवाह बताया और कहा कि यह उसके सबसे अहम बाजारों में शामिल है। हाल के महीनों में कंपनी कई नए उत्पाद लॉन्च कर चुकी है और जल्द ही नया स्मार्टफोन भी पेश करेगी।
इसके साथ ही, ओप्पो के सर्विस नेटवर्क के जरिए ग्राहकों को बेहतर, तेज और सुविधाजनक सहायता मिलती रहेगी।