LOADING...
सैमसंग गैलेक्सी S26 के लिए वन UI 9 बीटा लॉन्च, मिलेंगे ये खास फीचर्स
सैमसंग गैलेक्सी S26 के लिए वन UI 9 बीटा लॉन्च

सैमसंग गैलेक्सी S26 के लिए वन UI 9 बीटा लॉन्च, मिलेंगे ये खास फीचर्स

May 13, 2026
01:21 pm

क्या है खबर?

सैमसंग ने गैलेक्सी S26 सीरीज के लिए वन UI 9 बीटा अपडेट जारी कर दिया है। एंड्रॉयड 17 पर आधारित इस अपडेट में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े कई नए बदलाव शामिल किए गए हैं। कंपनी के अनुसार, बीटा प्रोग्राम की शुरुआत भारत समेत कुछ चुनिंदा देशों में इसी हफ्ते से होगी। सैमसंग का कहना है कि इसका फाइनल और स्टेबल वर्जन इस साल के आखिर में आने वाले नए फ्लैगशिप स्मार्टफोन के साथ पेश किया जाएगा।

नोट्स

नोट्स और कॉन्टैक्ट्स ऐप हुए ज्यादा स्मार्ट

वन UI 9 अपडेट में सैमसंग नोट्स ऐप को नए डिजाइन और क्रिएटिव टूल्स मिले हैं। अब यूजर्स नोट्स बनाते समय अलग-अलग पेन स्टाइल और सजावटी टेप जैसे विकल्प इस्तेमाल कर सकेंगे। वहीं कॉन्टैक्ट्स ऐप को भी पहले से ज्यादा उपयोगी बनाया गया है। यूजर्स अब सीधे कॉन्टैक्ट्स ऐप के अंदर प्रोफाइल कार्ड तैयार और एडिट कर पाएंगे। कंपनी का कहना है कि इससे ऐप्स के बीच बार-बार स्विच करने की जरूरत कम होगी और काम जल्दी होगा।

क्विक पैनल

क्विक पैनल और एक्सेसिबिलिटी में बदलाव

सैमसंग ने क्विक पैनल का लेआउट भी नया किया है। अब यूजर्स ब्राइटनेस, मीडिया और साउंड कंट्रोल को अपनी जरूरत के हिसाब से छोटा या बड़ा कर सकेंगे। इसके अलावा एक्सेसिबिलिटी फीचर्स में भी सुधार किया गया है। नया टेक्स्ट स्पॉटलाइट फीचर चुने गए टेक्स्ट को बड़ा और ज्यादा साफ दिखाएगा। वहीं माउस की स्पीड कंट्रोल और बेहतर टॉक बैक सिस्टम जैसे बदलाव उन लोगों के लिए मददगार होंगे जिन्हें फोन इस्तेमाल करने में अतिरिक्त सहायता की जरूरत होती है।

Advertisement

उपलब्धता

सिक्योरिटी और बीटा उपलब्धता की जानकारी

वन UI 9 में फोन की सुरक्षा को और मजबूत करने पर भी ध्यान दिया गया है। सिस्टम अब संदिग्ध या नुकसान पहुंचाने वाले ऐप्स की पहचान करके पहले ही चेतावनी देगा। जरूरत पड़ने पर ऐसे ऐप्स को इंस्टॉल होने से भी रोका जा सकेगा। कंपनी ने बताया कि फिलहाल यह बीटा अपडेट भारत, अमेरिका, ब्रिटेन, जर्मनी, कोरिया और पोलैंड में गैलेक्सी S26 यूजर्स के लिए उपलब्ध होगा। इच्छुक यूजर्स सैमसंग मेंबर्स ऐप के जरिए इसमें शामिल हो सकते हैं।

Advertisement