एनवीडिया AI चिप्स बेचकर 2027 तक 90,000 अरब रुपये कमाएगी, GTC में ये भी हुईं घोषणाएं
क्या है खबर?
एनवीडिया के GTC सम्मेलन में मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) जेन्सन हुआंग ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते चलन के बीच कंपनी अकेले AI चिप्स की बिक्री से 2027 तक 1,000 अरब डॉलर (करीब 90,000 अरब रुपये) तक का राजस्व अर्जित कर सकती है। हुआंग ने इस बात पर प्रकाश डाला कि उनकी कंपनी AI उद्योग में अग्रणी बनने के लिए आवश्यक हार्डवेयर, सॉफ्टवेयर और बुनियादी ढांचे का निर्माण कर रही है।
LPU
LPU का किया खुलासा
कैलिफोर्निया के सैन जोस में खचाखच भरे स्टेडियम में हजारों लोगों को संबोधित करते हुए हुआंग ने एनवीडिया ग्रोक 3 लैंग्वेज प्रोसेसिंग यूनिट (LPU) का भी खुलासा किया। यह स्टार्टअप कंपनी का पहला चिप है, जिसे एनवीडिया ने पिछले साल दिसंबर में 20 अरब डॉलर (करीब 1,800 अरब रुपये) के एसेट परचेज में अधिग्रहित किया था। LPU के तीसरी तिमाही में उपलब्ध होने की संभावना है। इसे एनवीडिया की GPU प्रोसेसिंग तकनीक पर बनाया गया है।
स्पेस डाटा सेंटर
स्पेस में डाटा सेंटर शुरू करने की तैयारी
हुआंग ने अपने भाषण में यह भी कहा, "हम अपने साझेदारों के साथ मिलकर वेरा रुबिन स्पेस वन नामक एक नए कंप्यूटर पर काम कर रहे हैं। यह अंतरिक्ष में जाएगा और डाटा सेंटर शुरू करेगा।" परियोजना में शामिल साझेदारों में स्टारक्लाउड भी शामिल है, जो नवंबर में एक उपग्रह प्रक्षेपण की योजना बना रहा है। इस मौके पर रुबिन के बाद कंपनी के अगले बड़े रैक आर्किटेक्चर काइबर का प्रोटोटाइप भी पेश किया।