इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026: एनवीडिया के जेंसेन हुआंग नहीं होंगे शामिल, कंपनी ने बताई वजह
क्या है खबर?
एनवीडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) जेंसेन हुआंग अगले सप्ताह भारत में आयोजित होने वाले इंडिया AI इम्पैक्ट समिट में शामिल नहीं होंगे। कंपनी ने शनिवार (14 फरवरी) को इसकी घोषणा की है। इस आयोजन में वैश्विक टेक्नोलॉजी उद्योग और राजनीतिक नेताओं के भाग लेने की संभावना है और हुआंग का इसमें शामिल होना प्रमुख आकर्षण माना जा रहा था। इस समिट का उद्घाटन गुरुवार (19 फरवरी) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे।
वजह
कंपनी ने बताई यह वजह
हुआंग को बुधवार को नई दिल्ली में मीडिया को संबोधित करना था, लेकिन अब कंपनी ने एक ईमेल में के जरिए उनका भारत दौरा स्थगित होने की पुष्टि की है। एक बयान में एनवीडिया ने कहा, "अप्रत्याशित परिस्थितियों के कारण जेंसेन हुआंग इस समय भारत की यात्रा करने में असमर्थ हैं। एनवीडिया AI इम्पैक्ट समिट और भारत के तेजी से विकसित हो रहे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) इकोसिस्टम के प्रति पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।"
उम्मीद
आयोजन में रहेगी कंपनी की भागीदारी
एनवीडिया ने आगे कहा, "कार्यकारी उपाध्यक्ष जय पुरी के नेतृत्व में एक वरिष्ठ एनवीडिया प्रतिनिधिमंडल भारत के AI शोधकर्ताओं, स्टार्टअप्स, डेवलपर्स और देश के AI इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण करने वाले भागीदारों का सम्मान करने के लिए मौके पर मौजूद रहेगा।" समिट में 15-20 देशों के राष्ट्राध्यक्ष, 50 से ज्यादा मंत्री और 40 से अधिक मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) शामिल होंगे। OpenAI, गूगल, माइक्रोसॉफ्ट, मेटा, एनवीडिया के साथ टेस्ला, टोयोटा, BMW और हुंडई जैसी कई वाहन कंपनियां भी भाग लेंगी।