एनवीडिया ने भारत में लॉन्च किया गेमिंग प्लेटफॉर्म जीफोर्स नाउ, जानिए कितना है सब्सक्रिप्शन शुल्क
क्या है खबर?
एनवीडिया ने भारत में जीफोर्स नाउ को आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर दिया है, जिससे मुंबई स्थित स्थानीय सर्वर्स के माध्यम से क्लाउड गेमिंग की सुविधा उपलब्ध हो गई है। अब यूजर्स को सेवा का उपयोग करने के लिए VPN या अंतरराष्ट्रीय पार्टनर अकाउंट्स की आवश्यकता नहीं होगी। इसका उपयोग अब सीधे एनवीडिया अकाउंट के साथ किया जा सकता है, जबकि एक्सेस पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर वेटलिस्ट सिस्टम के माध्यम से दिया जा रहा है।
शुल्क
कितना देना होगा सब्सक्रिप्शन शुल्क?
यह सेवा RTX 5080 क्षमताओं के साथ गेमर्स को उच्च-स्तरीय हार्डवेयर की आवश्यकता के बिना विभिन्न उपकरणों पर PC गेम स्ट्रीम करने की सुविधा देती है, लेकिन इसका प्रदर्शन आपके इंटरनेट कनेक्शन और सेटअप पर निर्भर करता है। फिलहाल, इसे 2 सब्सक्रिप्शन मोड- परफॉर्मेंस और अल्टीमेट में उपलब्ध कराया गया है। परफॉर्मेंस प्लान की कीमत 90 दिनों के लिए 999 रुपये है और अल्टीमेट प्लान की 1,999 रुपये है। 200GB स्टोरेज का विकल्प 299 रुपये में उपलब्ध है।
तरीका
ऐसे कर सकते हैं सेवा का उपयोग
जीफोर्स नाउ का उपयोग करने के लिए इसकी आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं और विंडोज (.exe) या मैकOS (.dmg) इंस्टॉलर डाउनलोड कर इसे चलाएं और सेटअप पूरा करें। ऐप लॉन्च कर अपने एनवीडिया अकाउंट से साइन-इन करें। एंड्रॉयड डिवाइस के लिए इसे गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड कर इंस्टॉल करने के बाद अपने एनवीडिया अकाउंट का उपयोग करके लॉग-इन कर सकते हैं। इसके अलावा, आप आईफोन, आईपैड, स्मार्ट टीवी और एंड्रॉयड टीवी में भी इंस्टाॅल कर इसे चला सकते हैं।