एनवीडिया AI सेफ्टी टीम के लिए कर रही भर्ती, जानिए क्या होगा इसका काम
क्या है खबर?
एनवीडिया एक खास आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सेफ्टी और सिक्योरिटी इंजीनियरिंग टीम बना रही है। पिछले महीने के आखिर में जारी की गई कई जॉब लिस्टिंग से यह जानकारी मिली है। यह भर्ती मुहिम चिप बनाने वाली कंपनी की एक बड़ी कोशिश का हिस्सा है। इसका मकसद ऑटोनॉमस AI एजेंट और ओपन-वेट मॉडल से जुड़ी सिक्योरिटी कमियों और सेफ्टी जोखिमों को दूर करना है, ताकि बड़े पैमाने पर व्यावसायिक इस्तेमाल से पहले इन्हें सुरक्षित बनाया जा सके।
पद
इन पदों पर की जा रही भर्ती
बिजनेस इनसाइडर के अनुसार, एनवीडिया नई टीम के लिए फाउंडिंग टेक्निकल लीडर के तौर पर एक इंजीनियर को भर्ती कर रही है।
साथ ही, सिक्योरिटी रिसर्च इंजीनियर, इवैल्यूएशन इंजीनियर और सीनियर इंजीनियरिंग मैनेजर के पदों के लिए भी भर्तियां की जा रही हैं।
एक जॉब डिस्क्रिप्शन में बताया गया है कि टीम का मकसद इस पक्के यकीन पर आधारित है कि ओपन-वेट मॉडल, पारदर्शिता और बड़े पैमाने पर वैज्ञानिक जांच-पड़ताल, अमेरिकी AI लीडरशिप और साइबर-सिक्योरिटी डिफेंस के लिए बुनियादी हैं।
काम
नई टीम करेगी यह काम
रिपोर्ट के अनुसार, नए बने डिवीजन की मुख्य जिम्मेदारी ऑटोनॉमस AI एजेंट को तैनात करने से पहले उनका मूल्यांकन करना, ऑपरेशनल सीमाओं का परीक्षण करना है।
इसके अलावा, कोड की कमियों को अपने आप पता लगाने और उन्हें ठीक करने के लिए AI आधारित सिक्योरिटी सॉफ्टवेयर विकसित करना है।
'क्लोज' प्रोप्राइटरी सॉफ्टवेयर के उलट ओपन-वेट मॉडल अपने ट्रेंड पैरामीटर को फाइन-ट्यूनिंग के लिए सबके लिए उपलब्ध कराते हैं, जिससे बाहरी डेवलपर्स देख पाते हैं कि सॉफ्टवेयर कैसे काम करता है।