अब रोबोट बनाएंगे रोबोट, चीनी कंपनी एक्सपेंग ने शुरू की नई प्रोडक्शन लाइन
क्या है खबर?
चीनी इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता एक्सपेंग ने ह्यूमनॉइड रोबोट बनाने के लिए प्रोडक्शन लाइन शुरू की है। कंपनी का दावा है कि ऐसी लाइन इंडस्ट्री में पहली बार शुरू की गई है। एक्सपेंग के CEO ही शियाओपेंग ने इसकी जानकारी साझा की है। इस सिस्टम में रोबोट की मदद से दूसरे रोबोट तैयार किए जाएंगे, जिससे असेंबली के दौरान इंसानी दखल कम होगा और उत्पादन को आगे भी तेजी से बढ़ाने की कोशिश की जाएगी।
असेंबली
IRON ने खुद पूरी की असेंबली
एक्सपेंग ने बताया कि उसकी नई लाइन में तैयार किया गया पहला एडवांस्ड ह्यूमनॉइड रोबोट IRON अपनी असेंबली पूरी करने के बाद खुद प्रोडक्शन लाइन से बाहर आया।
कंपनी इसे अपने मैन्युफैक्चरिंग सिस्टम की उपलब्धि मान रही है। IRON को किसी एक औद्योगिक काम तक सीमित नहीं रखा गया है।
कंपनी भविष्य में इसे खतरनाक, बार-बार होने वाले और इंसानों के लिए मुश्किल काम करने में सक्षम बनाने की दिशा में विकास करना चाहती है।
असेंबली
IRON ने पूरी की अपनी असेंबली
एक्सपेंग के मुताबिक, IRON को जनरल-पर्पस मशीन के तौर पर विकसित किया जा रहा है, यानी इसका इस्तेमाल अलग-अलग कामों में किया जा सकेगा।
कंपनी का लंबी अवधि का लक्ष्य ऐसे रोबोट बनाना है, जो इंसानों के सहायक या साथी की तरह काम कर सकें। हालांकि, अभी कंपनी ने इसकी क्षमताओं, कमर्शियल उपलब्धता और ऑपरेटिंग रेंज की पूरी जानकारी नहीं दी है।
नई प्रोडक्शन लाइन की वास्तविक क्षमता भी अभी सामने नहीं आई है।
उत्पादन
बड़े पैमाने पर उत्पादन की तैयारी
एक्सपेंग का यह कदम चीन में ह्यूमनॉइड रोबोट बनाने की बढ़ती दौड़ के बीच आया है।
कंपनी के साथ कई टेक्नोलॉजी और ऑटोमोबाइल कंपनियां फैक्ट्रियों तथा नियंत्रित जगहों पर रोबोट के इस्तेमाल की संभावनाएं तलाश रही हैं। नई लाइन का उद्देश्य रोबोट निर्माण को प्रोटोटाइप से बड़े पैमाने के उत्पादन की ओर ले जाना है।
अगर ऑटोमेटेड मैन्युफैक्चरिंग किफायती साबित होती है, तो ह्यूमनॉइड रोबोट ज्यादा संख्या में बनाए जा सकते हैं।