NHAI करेगा AI वाले डैशकैम से हाइवे पर निगरानी, रखरखाव और सुरक्षा में मिलेगी मदद
क्या है खबर?
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) लगभग 40,000 किलोमीटर हिस्से पर गश्ती वाहनों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित डैशकैम लगाने की तैयारी कर रहा है। ये रूट पेट्रोल वाहन (RPV) अब साप्ताहिक रूप से सड़क निरीक्षण करेंगे, समस्याओं का पता लगाएंगे और AI की मदद से सुरक्षा पर नजर रखेंगे। इन कैमरों से प्राप्त डाटा त्वरित मरम्मत और बेहतर ट्रैकिंग के लिए सीधे NHAI के पोर्टल पर जाएगा। इनकी मदद से 30 से अधिक समस्याओं का पता लगा सकेंगे।
खराबी
इन खराबियों का लगेगा पता
NHAI के अधिकारियों ने बताया कि मुख्य ध्यान फुटपाथ की स्थिति पर होगा, जिसमें गड्ढे, दरारें और सतह की क्षति का पता लगाना, साथ ही धुंधली लेन मार्किंग, क्षतिग्रस्त बैरियर और खराब स्ट्रीटलाइट जैसी समस्याओं को दूर करना शामिल है। यह सिस्टम अवैध डिवाइडर ओपनिंग, अनधिकृत साइनबोर्ड, अतिक्रमण और अवैध पार्किंग जैसी अन्य सुरक्षा संबंधी चिंताओं को भी उजागर करेगी। इस सिस्टम से जलभराव, गायब ड्रेनेज कवर्स, पेड़-पौधों की वृद्धि और बस बे की स्थिति पर भी नजर रहेगी।
सर्वे
हर महीने एक बार रात को भी होगा सर्वे
NHAI ने बताया कि रिपोर्ट्स की प्रभावी निगरानी के लिए राजमार्ग नेटवर्क को 5 क्षेत्रों में विभाजित किया है। डाटा एकत्र करने और उसका विश्लेषण करने और समय के साथ सड़क की स्थिति पर नजर रखने के लिए समर्पित प्लेटफॉर्म का उपयोग किया जाएगा, जिससे समस्याओं पहचानने और उन्हें ठीक करने में मदद मिलेगी। प्राधिकरण ने कहा, "साइनबोर्ड, रोड मार्किंग, रिफ्लेक्टर और लाइटिंग की दृश्यता और प्रदर्शन की जांच करने के लिए हर महीने एक सर्वेक्षण रात में किया जाएगा।"