नेटफ्लिक्स के विज्ञापन वाले प्लान की लोकप्रियता बढ़ी, 25 करोड़ हुए सक्रिय यूजर्स
क्या है खबर?
नेटफ्लिक्स का विज्ञापन वाला प्लान तेजी से लोकप्रिय होता जा रहा है। कंपनी ने बताया कि अब इस प्लान के दुनियाभर में 25 करोड़ से ज्यादा मासिक सक्रिय यूजर हो चुके हैं। नेटफ्लिक्स ने यह जानकारी अपने अपफ्रंट प्रेजेंटेशन के दौरान साझा की है। इससे पहले साल 2024 में इस प्लान के करीब 7 करोड़ यूजर थे, जबकि 2025 में यह संख्या बढ़कर 9.4 करोड़ तक पहुंच गई थी। अब एक साल के अंदर इसमें काफी बढत हुई है।
नए देश
कई नए देशों में शुरू होगा नया प्लान
नेटफ्लिक्स ने बताया कि अगले साल वह 15 नए देशों में अपना विज्ञापन वाला प्लान शुरू करेगी। इनमें ऑस्ट्रिया, बेल्जियम, डेनमार्क, आयरलैंड, नीदरलैंड, स्वीडन, स्विट्जरलैंड, थाईलैंड और फिलीपींस जैसे देश शामिल हैं। कंपनी का मानना है कि कम कीमत वाला यह प्लान ज्यादा लोगों को आकर्षित कर रहा है। नेटफ्लिक्स ने यह प्लान पहली बार साल 2022 में शुरू किया था। इसके बाद लगातार बढ़ती सब्सक्रिप्शन कीमतों के बीच यह विकल्प यूजर्स के बीच तेजी से लोकप्रिय होता गया है।
विकल्प
बढ़ती कीमतों के बीच बढ़ा सस्ता विकल्प
नेटफ्लिक्स लगातार अपने सब्सक्रिप्शन प्लान की कीमतों में बढ़ोतरी कर रही है। कंपनी ने इस साल की शुरुआत में सभी मासिक प्लान की कीमत करीब एक डॉलर बढ़ाई थी। ऐसे में कम कीमत वाले विज्ञापन प्लान की मांग और ज्यादा बढ़ी है। कई यूज़र अब कम खर्च में कंटेंट देखने के लिए इसी विकल्प को चुन रहे हैं। माना जा रहा है कि आने वाले समय में यह प्लान नेटफ्लिक्स के कारोबार का बड़ा हिस्सा बन सकता है।
AI
AI तकनीक का भी बढ़ रहा इस्तेमाल
नेटफ्लिक्स अब अपने विज्ञापन सिस्टम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल भी बढ़ा रही है। कंपनी ऐसे फीचर की टेस्टिंग कर रही है जो यूजर की देखने की आदत के हिसाब से विज्ञापनों की संख्या और समय अपने आप तय करेगा। इससे हर यूजर को अलग तरह का विज्ञापन अनुभव मिलेगा। इसी बीच कंपनी पर टेक्सास में डाटा मुकदमा भी चल रहा है। आरोप है कि नेटफ्लिक्स यूजर डाटा को विज्ञापन कंपनियों के साथ साझा करती है।