LOADING...
नासा से हजारों कर्मचारी देंगे इस्तीफा, जानिए क्या है कारण 
नासा से हजारों कर्मचारी इस्तीफा देने की तैयारी कर रहे हैं (तस्वीर: पिक्साबे)

नासा से हजारों कर्मचारी देंगे इस्तीफा, जानिए क्या है कारण 

Jul 26, 2025
09:53 am

क्या है खबर?

अमेरिका की अंतरिक्ष एजेंसी नेशनल एयरोनॉटिक्स एंड स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन (NASA) से लगभग 3,870 कर्मचारी स्वैच्छिक त्यागपत्र कार्यक्रम के तहत इस्तीफा देने जा रहे हैं। यह राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन की ओर से बजट में कटौती की प्रक्रिया के तहत कर्मचारियों की संख्या कम करने के प्रयास का हिस्सा है। नासा ने कहा है कि आवेदनों की समीक्षा के दौरान किसी कार्मचारी के इस कार्यक्रम से पीछे हटने या त्यागपत्र अस्वीकृत होने की स्थिति में यह संख्या बदल सकती है।

शुरुआत 

कब हुआ सामूहिक इस्तीफे का दौर?

नासा ने कर्मचारियों को 2025 में सरकार के त्यागपत्र कार्यक्रम के तहत नौकरी छोड़ने के 2 अलग-अलग अवसर दिए हैं। एजेंसी ने कहा कि दोनों त्यागपत्र कार्यक्रमों और इसी अवधि में लगभग 500 लोगों के सामान्य त्यागपत्र के बाद शेष सरकारी कर्मचारियों की संख्या लगभग 14,000 रहने का अनुमान है। इस्तीफे का पहला दौर एलन मस्क के सरकारी दक्षता विभाग में रहने के दौरान शुरू हुआ था। उस समय लगभग 870 कर्मचारियों ने इस प्रस्ताव को स्वीकार किया था।

विकल्प 

छंटनी की बजाय इस्तीफे का विकल्प 

नासा ने जून की शुरुआत में इस्तीफे का अपना दूसरा दौर शुरू किया था, जिसमें 25 जुलाई तक इसमें शामिल होने की समय सीमा तय की गई थी। एजेंसी ने बताया कि लगभग 3,000 कर्मचारियों ने इसे स्वीकार किया, जो कुल कार्यबल का 16.4 फीसदी है। ट्रंप प्रशासन के संघीय कार्यबल को कम करने के लक्ष्य का पालन करने के लिए अंतरिक्ष एजेंसी के अधिकारी छंटनी से बचने के लिए स्थगित इस्तीफे का रास्ता अपना रहे हैं।