LOADING...
नासा का क्रू-11 मिशन आज होगा लॉन्च, अंतरिक्ष में जाएंगे ये यात्री
नासा का क्रू-11 मिशन आज होगा लॉन्च (तस्वीर: नासा)

नासा का क्रू-11 मिशन आज होगा लॉन्च, अंतरिक्ष में जाएंगे ये यात्री

Jul 31, 2025
12:06 pm

क्या है खबर?

अंतरिक्ष एजेंसी नासा आज (31 जुलाई) अपने क्रू-11 मिशन को लॉन्च करने वाली है। इस मिशन को भारतीय समयानुसार आज रात 09:39 बजे स्पेस-X के ड्रैगन अंतरिक्ष यान से लॉन्च किया जाएगा। फ्लोरिडा के कैनेडी स्पेस सेंटर से उड़ान भरने वाले इस मिशन का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन (ISS) तक 4 सदस्यीय दल को भेजना है। यह मिशन तकनीकी परीक्षणों, वैज्ञानिक शोध और भविष्य के चंद्र अभियानों की तैयारी के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।

सदस्य

मिशन में कौन-कौन शामिल है?

इस मिशन के तहत 4 अंतरिक्ष यात्री ISS जाएंगे, जिसमें नासा की जेना कार्डमैन और माइक फिन्के, जापानी एजेंसी JAXA के किमिया यूई और रूस की रोस्कोस्मोस के ओलेग प्लाटोनोव शामिल हैं। कार्डमैन और प्लाटोनोव की यह पहली उड़ान होगी, जबकि फिन्के की यह चौथी और यूई की दूसरी अंतरिक्ष यात्रा है। सभी अनुभवी वैज्ञानिक और इंजीनियर हैं, जो इस अभियान में अनुसंधान, सहयोग और संचालन से जुड़ी जिम्मेदारियां संभालेंगे।

उद्देश्य

मिशन का उद्देश्य और आर्टेमिस से जुड़ाव

क्रू-11 का उद्देश्य न सिर्फ स्टेशन पर वैज्ञानिक प्रयोग और रखरखाव है, बल्कि यह नासा के आर्टेमिस मिशन में भी सहयोग करेगा। अंतरिक्ष यात्री विशेष परिस्थितियों में लैंडिंग का अभ्यास करेंगे, जो चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव की संभावित चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए होगा। नासा के क्रू-11 मिशन की लॉन्चिंग को आप लाइव देख भी सकेंगे। नासा इसे अपने आधिकारिक वेबसाइट, यूट्यूब चैनल, नेटफ्लिक्स, अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम करेगी।