एलन मस्क AI विशेषज्ञ को गवाही देने के लिए हर घंटे दे रहे 4 लाख रुपये
क्या है खबर?
एलन मस्क की ओर से OpenAI के खिलाफ दायर मुकदमे की सुनवाई के 5वें दिन कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय में कंप्यूटर विज्ञान पढ़ाने वाले आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) विशेषज्ञ स्टुअर्ट रसेल की गवाही हुई। अब उनकी गवाही से ज्यादा उन्हें मस्क की कानूनी टीम की ओर से दिए जा रहे भुगतान को लेकर ज्यादा चर्चा हाे रही है। रसेल को इस मुकदमे के दाैरान लगने वाले हर घंटे के लिए भारतीय मुद्रा में लगभग 4.1 लाख रुपये दिए जा रहे हैं।
भुगतान
कितना मिल रहा भुगतान?
रसेल को तैयारी के 40 घंटों के लिए 5,000 डॉलर प्रति घंटा (लगभग 4.1 लाख रुपये) और उसके बाद 1,500 डॉलर प्रति घंटा (लगभग 1.25 लाख रुपये) का भुगतान किया जाता है। हाई-प्रोफाइल मामलों में विशेषज्ञ गवाह आमतौर पर 500 से 1,000 डॉलर प्रति घंटा (लगभग 41,000 से 83,000 रुपये) कमाते हैं। विशेषज्ञ ने कहा कि इस मुकदमे से उन्हें कुल 2.35 लाख डॉलर (लगभग 1.95 करोड़ रुपये) मिलेंगे, जो इस वर्ष की उनकी आय का लगभग 20 प्रतिशत है।
आवश्यकता
रसेल की गवाही क्यों जरूरी?
रसेल सीधे तौर पर मस्क और OpenAI के बीच चल रहे मुकदमे से जुड़े हुए नहीं हैं, लेकिन टेस्ला प्रमुख और उनकी टीम ने उन्हें एक विशेषज्ञ गवाह के रूप में पेश किया है, ताकि वे AI के बारे में बैकग्राउंड जानकारी दे सकें। साथ ही मस्क के इस दावे को बल दे सकें कि AI से मानवता के अस्तित्व को खतरा है और वे OpenAI द्वारा उत्पन्न होने वाली संभावित समस्याओं से रक्षा करने का प्रयास कर रहे हैं।
गवाही
अपनी गवाही में रसेल ने क्या कहा?
रसेल ने जूरी सदस्यों और न्यायाधीश को AI के लाभों के बारे में बताया और फिर इसके जोखिमों का ब्यौरा दिया, जिनमें व्यापक एल्गोरिदम भेदभाव, गलत धारणाओं को सुदृढ़ करना और बड़े पैमाने पर नौकरियों का नुकसान शामिल है। हालांकि, OpenAI के वकीलों द्वारा आपत्ति जताए जाने के बाद अनियंत्रित AI के अस्तित्व संबंधी जोखिमों के बारे में रसेल की व्यापक चिंताओं पर अदालत में चर्चा नहीं की गई, जिसके चलते न्यायाधीश ने रसेल की गवाही को सीमित कर दिया।