मूनशॉट AI का किमी K3 ओपन-वेट मॉडल सार्वजनिक डाउनलोड के लिए होगा उपलब्ध
क्या है खबर?
चीन की मूनशॉट AI अब अपने किमी K3 को 27 जुलाई से सार्वजनिक डाउनलोड के लिए उपलब्ध कराने जा रही है। 16 जुलाई को लॉन्च हुआ यह अब तक का सबसे बड़ा ओपन-वेट मॉडल है, जिसमें 2,800 अरब पैरामीटर हैं। इसके आने के बाद से सिलिकॉन वैली में बहस छिड़ गई है क्योंकि यह अमेरिकी कंपनियों के सबसे अच्छे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल- एंथ्रोपिक के क्लाउड फेबल और OpenAI के GPT-5.6 सोल के बीच के अंतर को कम करता है।
खासियत
बिना लागत की चिंता के कर सकेंगे उपयोग
ओपन-वेट्स उन पैरामीटर्स का सेट है, जिनका इस्तेमाल AI को ट्रेन करने के लिए किया गया है।
इसका मतलब है कि एक बार जब ओपन-वेट्स डाउनलोड के लिए उपलब्ध हो जाते हैं तो आप किमी K3 को अपने डिवाइस पर स्थानीय तौर पर चला सकते हैं।
साथ ही टोकन की लागत की चिंता किए बिना उसमें बदलाव कर सकते हैं। टोकन की लागत के कारण ही उबर और वॉलमार्ट जैसी कंपनियों को AI के उपयोग लिए सोचना पड़ रहा है।
चिंता
अमेरिकी कंपनियों की बढ़ रही चिंता
किमी K3 एक बड़ा मॉडल है, जिसमें 2,800 अरब से ज्यादा पैरामीटर हैं। इसलिए, इसे चलाने के लिए आपको शायद सिर्फ अपने लैपटॉप के बजाय एंटरप्राइज-ग्रेड इंफ्रास्ट्रक्चर की जरूरत होगी।
इसके ओपन वेट्स का रिलीज ऐसे समय में हुआ है, जब सिलिकॉन वैली में चीनी AI मॉडल्स के बेहतर होने को लेकर मतभेद बढ़ रहे हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, एंथ्रोपिक और OpenAI चीनी ओपन-वेट AI मॉडल्स पर सख्त पाबंदियां लगाने के लिए ट्रंप प्रशासन पर दबाव बना रही हैं।