Page Loader
माइक्रोसॉफ्ट ने उड़ाया ऐपल मैकबुक प्रो का मजाक, शेयर किया वीडियो

माइक्रोसॉफ्ट ने उड़ाया ऐपल मैकबुक प्रो का मजाक, शेयर किया वीडियो

Jan 24, 2021
05:34 pm

क्या है खबर?

टेक कंपनी माइक्रोसॉफ्ट अपनी सरफेस रेंज के प्रोडक्ट्स की जोरदार मार्केटिंग करती है और डिजाइन से लेकर कीमत तक बेस्ट देने का दावा करती है। इस बार सरफेस प्रो 7 को बेहतर बताने के लिए माइक्रोसॉफ्ट ने इसकी तुलना ऐपल के मैकबुक प्रो से की है। नए सरफेस प्रो 7 विज्ञापन में माइक्रोसॉफ्ट ने ऐपल मैकबुक प्रो के डिजाइन से जुड़ी खामियां बताई हैं और इसका मजाक उड़ाया है। पहले भी कई बार ऐसी मार्केटिंग देखने को मिल चुकी है।

टचस्क्रीन

ऐड में सीधे ऐपल मैकबुक प्रो से तुलना

माइक्रोसॉफ्ट ने अपने सरफेस प्रो 7 की ऐपल मैकबुक प्रो से सीधी तुलना करते हुए बताया कि सरफेस प्रो में फुल टचस्क्रीन दी गई है। वहीं, ऐपल मैकबुक प्रो में टचस्क्रीन के बजाय कीबोर्ड से ऊपर 'जरा सी' टच बार दी गई है इसपर तंज कसते हुए वीडियो सवाल करता है कि ऐपल सरफेस प्रो 7 की तरह टच-स्क्रीन क्यों नहीं दे सकती। बता दें, अगले मैकबुक मॉडल्स से ऐपल यह टच-बार हटाने पर विचार कर रही है।

कीबोर्ड

अलग हो जाता है सरफेस प्रो 7 कीबोर्ड

ऐड के वीडियो में एक और हाइलाइट डिटैचेबल कीबोर्ड से जुड़ा दिखाया गया है। सरफेस प्रो 7 का कीबोर्ड जरूरत ना होने पर अलग किया जा सकता है, जबकि ऐसा विकल्प मैकबुक यूजर्स को नहीं मिलता। जरूरत के हिसाब से सरफेस प्रो 7 को यूजर्स टैबलेट की तरह भी इस्तेमाल कर सकते हैं। हालांकि, ऐपल अपने आईपैड प्रो के साथ ऐसा डिटैचेबल कीबोर्ड सिस्टम दे रही है और मैकबुक प्रो स्टैंडर्ड लैपटॉप डिजाइन के साथ उतारे जाते हैं।

गेमिंग

गेमिंग डिवाइस ना होने पर तंज

केवल 30 सेकेंड के वीडियो में माइक्रोसॉफ्ट ने जिस तीसरी बात को लेकर ऐपल मैकबुक प्रो का मजाक उड़ाया, वह इसका गेमिंग डिवाइस ना होना है। ऐड में कहा गया है कि माइक्रोसॉफ्ट सरफेस प्रो ऐपल के मैकबुक प्रो के मुकाबले 'कहीं बेहतर गेमिंग डिवाइस' है। ऐसा नहीं है कि माइक्रोसॉफ्ट पहली बार अपने प्रोडक्ट की मार्केटिंग के लिए ऐपल को नीचा दिखा रही है लेकिन ऐपल की ओर से कभी कंपनी को सीधे जवाब नहीं दिया गया है।

कीमत

सरफेस प्रो 7 की कीमत कम

वीडियो ऐड खत्म होने से पहले ऐपल मैकबुक प्रो और सरफेस प्रो 7 दोनों की कीमत की तुलना की गई है। ऐपल मैकबुक प्रो की शुरुआती कीमत 1,299 डॉलर (94,826 रुपये) है, वहीं सरफेस प्रो 7 की कीमत 890 डॉलर (64,969 रुपये) से शुरू होती है। प्रोडक्ट्स की कीमत ज्यादा रखने को लेकर लगभग सभी कंपनियां ऐपल पर निशाना साधती रही हैं। हालांकि, मैकबुक प्रो और सरफेस प्रो 7 दोनों के टॉप वेरियंट्स की कीमत लगभग एक जितनी है।