Loading...
माइक्रोसॉफ्ट आउटेज: कैसे बिगड़ा सिस्टम और इसे ठीक करने में इतना समय क्यों लग रहा है?
इस रुकावट के पीछे साइबर हमले का संकेत नहीं मिला है

माइक्रोसॉफ्ट आउटेज: कैसे बिगड़ा सिस्टम और इसे ठीक करने में इतना समय क्यों लग रहा है?

Nov 13, 2026
06:02 pm

क्या है खबर?

माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में 12 नवंबर को शुरू हुई तकनीकी रुकावट शुक्रवार (13 नवंबर) तक जारी है। इस दौरान दुनिया के 74 देशों में यूजर्स को आउटलुक, टीम्स और माइक्रोसॉफ्ट 365 के दूसरे ऐप इस्तेमाल करने में परेशानी हुई। डाउनडिटेक्टर पर आउटलुक से जुड़ी करीब 1.30 लाख शिकायतें दर्ज की गईं। इसका असर कारोबार, सरकारी विभागों, स्कूलों और एयरलाइंस तक पहुंच गया है। भारत में भी कई यूजर्स और कंपनियों का काम प्रभावित हुआ है।

समस्या

सर्वर की कॉन्फिगरेशन में गड़बड़ी से बिगड़ा सिस्टम

माइक्रोसॉफ्ट की शुरुआती जांच में सामने आया कि सर्वर की कॉन्फिगरेशन में बदलाव के कारण कुछ मशीनें काम करना बंद कर गईं।

इससे उन पर चल रही सेवाएं प्रभावित हुईं और कंपनी को यूजर्स का ट्रैफिक दूसरे सर्वरों पर भेजना पड़ा। अचानक बढ़े दबाव से बाकी सर्वरों पर भी बोझ बढ़ गया।

कंपनी ने साफ किया कि इस रुकावट के पीछे साइबर हमले या किसी गलत इरादे वाली गतिविधि का कोई संकेत नहीं मिला है।

देरी

सर्वर ठीक करने के बाद भी क्यों नहीं लौट पाईं सेवाएं?

माइक्रोसॉफ्ट के लिए सबसे बड़ी मुश्किल प्रभावित सर्वरों को दोबारा चालू करना रही।

कंपनी ने जब कुछ सर्वर ऑनलाइन किए, तो उन पर ट्रैफिक लौटते ही वे फिर जवाब देना बंद करने लगे। इससे रिकवरी की प्रक्रिया बार-बार प्रभावित हुई और इंजीनियरों को दूसरे तरीके अपनाने पड़े।

कंपनी ने प्रभावित सर्वरों पर ट्रैफिक रोकने, पुराने सॉफ्टवेयर बदलाव वापस लेने और क्षमता बढ़ाने का काम किया। इसी वजह से सेवाएं बहाल होने में उम्मीद से ज्यादा समय लग रहा है।

ADVERTISEMENT

असर

एयरलाइंस से लेकर दूसरी कंपनियों तक पहुंचा असर

इस आउटेज से आउटलुक, टीम्स, वनड्राइव, शेयरपॉइंट और कोपायलट समेत कई सेवाएं प्रभावित हुई हैं।

OpenAI और एंथ्रोपिक ने भी अपने माइक्रोसॉफ्ट कनेक्टर में परेशानी बताई है। भारत में स्पाइसजेट की कुछ उड़ानें रद्द हुईं और कुछ में देरी हुई, जबकि एयर इंडिया ने अपने उड़ान संचालन पर असर से इनकार किया।

विशेषज्ञों ने इस घटना के बाद कंपनियों को वैकल्पिक संचार व्यवस्था और जरूरी कामों के लिए अलग बैकअप सिस्टम रखने की सलाह दी है।

ADVERTISEMENT