माइक्रोसॉफ्ट की बड़ी तैयारी, अब PC पर भी चलेंगे एक्सबॉक्स 360 के पुराने गेम्स
क्या है खबर?
माइक्रोसॉफ्ट जल्द ही अपने पुराने एक्सबॉक्स और एक्सबॉक्स 360 गेम्स को PC पर लाने की तैयारी कर रही है। द वर्ज की रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी ऐसे फीचर पर काम कर रही है, जिससे खिलाड़ी अपने पुराने गेम्स का डिजिटल संस्करण भी इस्तेमाल कर सकेंगे। अगर यह योजना लागू होती है, तो लाखों गेमर्स को अपने पसंदीदा पुराने गेम नए सिस्टम पर खेलने का मौका मिलेगा। हालांकि, कंपनी ने अभी तक इस योजना की आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
विकल्प
डेवलपर्स को मिल सकते हैं नए विकल्प
रिपोर्ट के मुताबिक, डेवलपर्स अपने एक्सबॉक्स 360 गेम्स को नए सिस्टम के लिए तैयार कर सकेंगे।
वे PC वर्जन की कीमत खुद तय कर पाएंगे और चाहें तो अपने गेम्स को गेम पास पर भी उपलब्ध करा सकेंगे। इन गेम्स में एक्सबॉक्स प्ले एनीवेयर फीचर मिलने की भी संभावना है।
इससे एक बार गेम खरीदने के बाद खिलाड़ी उसे एक्सबॉक्स इकोसिस्टम के अलग-अलग समर्थित डिवाइस पर आसानी से खेल सकेंगे।
पुराने गेम्स
पुराने एक्सबॉक्स गेम्स भी होंगे शामिल
रिपोर्ट में कहा गया है कि माइक्रोसॉफ्ट सिर्फ एक्सबॉक्स 360 ही नहीं, बल्कि ओरिजिनल एक्सबॉक्स गेम्स को भी PC पर लाने की योजना बना रही है।
कंपनी पहले ही कुछ पुराने गेम्स के साथ इस पहल की शुरुआत कर चुकी है।
इसके अलावा, आधुनिक सिस्टम पर पुराने गेम्स चलाने के लिए कंपनी अपने विशेष एमुलेटर का इस्तेमाल कर रही है, जिससे पुराने गेम्स को नए हार्डवेयर पर चलाना आसान हो सकेगा।
डिस्क गेम्स
मिल सकते हैं डिस्क वाले गेम्स
माइक्रोसॉफ्ट इस समय एक डिस्क-टू-डिजिटल प्रोग्राम पर भी काम कर रही है।
इस सुविधा के जरिए जिन खिलाड़ियों के पास गेम की फिजिकल डिस्क है, वे उससे जुड़ा डिजिटल वर्जन भी इस्तेमाल कर सकेंगे। माना जा रहा है कि यह सुविधा भविष्य के प्रोजेक्ट हेलिक्स प्लेटफॉर्म के लिए लाई जा सकती है।
हालांकि, कंपनी ने अभी इसकी लॉन्च तारीख या दूसरे जरूरी विवरण की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की है।