माइक्रोसॉफ्ट ओपनक्लॉ जैसे एजेंट पर कर रही काम, कंप्यूटर के कई काम खुद संभालेगा
क्या है खबर?
माइक्रोसॉफ्ट अपने मौजूदा कोपायलट टूल में ओपनक्लॉ जैसी सुविधाओं को जोड़ने के तरीकों का परीक्षण कर रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, ये नई सुविधाएं एंटरप्राइज ग्राहकों के लिए होंगी और इनमें ओपन सोर्स ओपनक्लॉ एजेंट की तुलना में बेहतर सुरक्षा नियंत्रण होंगे। ओपनक्लॉ एक ऐसा टूल है, जो यूजर्स के कंप्यूटर पर सारे काम संभालने के लिए एजेंट बना सकता है। यह परीक्षण सफल होता है तो यह भी हाल ही में विकसित अन्य एजेंटिक टूल्स में शामिल हो जाएगा।
खामी
ओपनक्लॉ की सुरक्षा है बड़ी चिंता
दिग्गज टेक कंपनी के कॉर्पोरेट उपाध्यक्ष उमर शाहिन ने द इंफॉर्मेशन को बताया, "कंपनी उद्यम स्तर पर ओपनक्लॉ जैसी तकनीकों की संभावनाओं का पता लगा रही है।" ओपनक्लॉ एक ओपन-सोर्स प्लेटफॉर्म है, जो यूजर्स को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) संचालित एजेंट बनाने की अनुमति देता है और वो उनके डिवाइस पर स्थानीय रूप से चलते हैं। इस प्लेटफॉर्म की लोकप्रियता इस साल की शुरुआत में बढ़ी, हालांकि तब से इसने कई गंभीर सुरक्षा चिंताओं को जन्म दिया है।
सुरक्षा
टूल की सुरक्षा बनाएगी बेहतर
माइक्रोसॉफ्ट को भरोसा है कि वह इस टूल के अधिक सुरक्षित वर्जन बना सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक, कोपायलट का हमेशा चालू रहने वाला वर्जन यूजर के आउटलुक इनबॉक्स और कैलेंडर की निगरानी कर सकता है और हर दिन सुझाए गए कार्यों की सूची दे सकता है। इन्हें मार्केटिंग, सेल्स और अकाउंटिंग जैसी विशिष्ट भूमिकाओं के लिए भी तैयार किया जाएगा। कंपनी 2 जून से शुरू हो रहे बिल्ड सम्मेलन के दौरान कुछ सुविधाओं को प्रदर्शित कर सकती है।