LOADING...
माइक्रोसॉफ्ट बंद कर रही यह एंड्रॉयड ऐप, जानिए यूजर्स के पास क्या होगा विकल्प
माइक्रोसॉफ्ट अगले महीने से आउटलुक लाइट ऐप बंद कर देगी

माइक्रोसॉफ्ट बंद कर रही यह एंड्रॉयड ऐप, जानिए यूजर्स के पास क्या होगा विकल्प

Apr 13, 2026
03:56 pm

क्या है खबर?

माइक्रोसॉफ्ट ने पुष्टि की है कि वह 25 मई को एंड्रॉइड के लिए अपना आउटलुक लाइट ऐप बंद कर देगी। कम क्षमता वाले स्मार्टफोन और सीमित कनेक्टिविटी वाले वातावरण के लिए डिजाइन किया गया यह ऐप समय सीमा के बाद मेलबॉक्स तक पहुंच प्रदान करना बंद कर देगा। तकनीकी दिग्गज कंपनी ईमेल, कैलेंडर और अटैचमेंट तक पहुंच जारी रखने के लिए यूजर्स को मुख्य आउटलुक मोबाइल ऐप पर स्विच करने का आग्रह कर रही है।

कारण 

इस कारण बंद कर रही ऐप 

माइक्रोसॉफ्ट ने आउटलुक लाइट ऐप को अपने ईमेल क्लाइंट के हल्के वर्जन के रूप में लॉन्च किया था, जो कम क्षमता वाले स्मार्टफोन या खराब नेटवर्क कनेक्टिविटी वाले यूजर्स के लिए था। अब कंपनी व्यापक मेलबॉक्स सपोर्ट और माइक्रोसॉफ्ट 365 सर्विसेज के साथ बेहतर एकीकरण पर ध्यान केंद्रित कर रही है, जिसके लिए उसने अधिक सुविधाओं से लैस आउटलुक मोबाइल ऐप लॉन्च किया है। यूजर गूगल प्ले स्टोर पर जाकर आउटलुक मोबाइल ऐप को मैनुअल डाउनलोड कर सकते हैं।

डाटा सुरक्षा 

सुरक्षित रहेगा यूजर्स का डाटा 

कंपनी ने यूजर्स को आश्वस्त किया है कि इस बदलाव के दौरान उनका डाटा सुरक्षित रहेगा। आउटलुक मोबाइल में लॉग-इन करते ही मौजूदा ईमेल, कैलेंडर आइटम और अटैचमेंट अपने आप सिंक हो जाएंगे। उसने यह भी कहा कि IT प्रशासकों को इस बदलाव के लिए कोई विशेष कदम उठाने की आवश्यकता नहीं है। संगठनों को सलाह दी है कि वे कर्मचारियों को मोबाइल ऐप डाउनलोड करने के लिए कहें, ताकि सेवा में कोई व्यवधान न आए।

Advertisement