माइक्रोसॉफ्ट ने आउटेज के लिए माफी मांगी, समस्या के लिए बताई यह वजह
क्या है खबर?
माइक्रोसॉफ्ट ने आउटलुक, टीम्स, कोपायलट और अन्य माइक्रोसॉफ्ट 365 सेवाओं में एक दिन से अधिक समय तक आई रुकावट के लिए अपने ग्राहकों और साझेदारों से माफी मांगी है। कंपनी ने कहा कि अब सेवाएं काफी हद तक बहाल हो गई हैं और स्थिर हैं। दिग्गज टेक ने इस रुकावट के कारण के बारे में भी पहली बार जानकारी दी और बताया कि यह समस्या नेटवर्क क्षमता को अपग्रेड करने से जुड़ी थी।
बयान
समस्या को लेकर क्या कहा?
कंपनी ने कहा कि वह इस रुकावट के लिए दिल से माफी मांगती है और ग्राहकों द्वारा उसकी सेवाओं पर जताए गए भरोसे को समझती है।
उसने कहा कि इस भरोसे के साथ जो जिम्मेदारी आती है, उसे वह बहुत गंभीरता से लेती है।
माइक्रोसॉफ्ट ने बताया कि मूल समस्या को ठीक कर दिया गया है। जिन ग्राहकों और क्षेत्रों में अभी भी सेवाएं प्रभावित हैं, वहां उन्हें बहाल करने का काम जारी है।
वजह
इस कारण आई थी यह समस्या
माइक्रोसॉफ्ट के अनुसार, यह घटना नेटवर्क क्षमता को बढ़ाने के दौरान आई एक पुरानी समस्या से जुड़ी है। कंपनी ने साफ तौर पर किसी हमले की संभावना को खारिज कर दिया है।
उसने इस घटना को एक तकनीकी समस्या बताया है, जिसका साइबर या आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI)/एजेंट्स से कोई लेना-देना नहीं है।
पहले बताया था कि प्रभावित मशीनों पर सर्वर ऑटोमेटेड हेल्थ चेक में फेल हो रहे थे और सिक्योर-कनेक्शन प्रोसेस पर बहुत अधिक दबाव पड़ रहा था।
बहाली
ऐसे की गई सेवा बहाल
टेक कंपनी ने बताया कि मांग के बड़े स्तर को देखते हुए उन्होंने सेवाओं को चरणों में बहाल किया और हर चरण पर स्थिरता की जांच की।
कंपनी ने माना कि इस तरीके से बहाली में अधिक समय लगा, लेकिन कहा कि इससे सेवाओं को पूरी तरह स्थिर रूप से बहाल करने में मदद मिली।
इससे पहले की बहाली कोशिशों सर्वर को रीस्टार्ट करना और ट्रैफिक को दूसरे रास्ते से भेजने से कुछ हद तक सुधार हुआ था।
समस्या
यह आई थी समस्या
यह रुकावट 12 नवंबर को शुरू हुई और इसे 'इंसिडेंट MO1550821' के रूप में दर्ज किया गया।
इससे एक्सचेंज ऑनलाइन और उस पर निर्भर रहने वाले टीम्स, माइक्रोसॉफ्ट 365 कोपायलट, शेयरपॉइंट ऑनलाइन और डिफेंडर XDR के फीचर्स प्रभावित हुए।
डाउनडिटेक्टर पर आउटलुक के लिए लगभग 130,000 और माइक्रोसॉफ्ट 365 के लिए 47,000 से ज्यादा समस्या रिपोर्ट दर्ज की गईं। माइक्रोसॉफ्ट ने कहा है कि समीक्षा पूरी होने के बाद वह घटना के बारे में एक विस्तृत रिपोर्ट जारी करेगा।