मेटा ने इंस्टाग्राम के लिए बंद किया एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन, जानिए क्या असर पड़ेगा
क्या है खबर?
मेटा के फोटो और शॉर्ट-वीडियो शेयरिंग ऐप इंस्टाग्राम ने एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड (E2EE) मैसेजिंग को सपोर्ट करना बंद कर दिया है। यह कदम अंतरराष्ट्रीय नियामकों द्वारा ऐसे चैनल्स के माध्यम से प्रसारित होने वाली अवैध कंटेंट पर नकेल कसने के प्रयास के तहत उठाया है। कंपनी ने पहले इस तकनीक को यूजर्स की गोपनीयता का सर्वोत्तम मानक बताया था। इस फैसले का बच्चों के लिए काम करने वाली संस्थाओं ने स्वागत किया है, जबकि गोपनीयता के समर्थकों ने निंदा की है।
प्रभाव
क्या पड़ेगा इस बदलाव का असर?
एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन ऑनलाइन मैसेजिंग का सबसे सुरक्षित रूप है। इसमें केवल भेजने वाला और प्राप्तकर्ता ही संदेश देख सकते हैं। इसका लंबे समय से उन लोगों ने विरोध किया है, जो कहते हैं कि यह अधिकारियों के हस्तक्षेप के बिना ऑनलाइन अत्यधिक आपत्तिजनक कंटेंट फैलाने की अनुमति देता है। अब E2EE को बंद करने से इंस्टाग्राम जरूरत पड़ने पर डायरेक्ट मैसेज के सभी कंटेंट- इमेज, वीडियो और वॉयस नोट तक पहुंच सकेगा।
बदलाव
7 साल बदला निर्णय
2019 में मेटा ने फेसबुक और इंस्टाग्राम पर मैसेजिंग में इस तकनीक को लागू करने का वादा किया था। कंपनी ने 2023 में फेसबुक मैसेंजर पर इसे पूरी तरह से लागू कर दिया और बाद में इंस्टाग्राम पर इसे वैकल्पिक बना दिया। साथ ही इसे डिफॉल्ट बनाने की योजना भी बनाई, लेकिन 7 साल बाद कंपनी ने इंस्टाग्राम पर इसे व्यापक रूप से लागू न करने का फैसला किया है और अब इंस्टाग्राम केवल मानक एन्क्रिप्शन ही प्रदान करेगा।