मेटा स्मार्ट ग्लासेज में मिलेगी चेहरे की पहचान करने की सुविधा, जानिए कैसे करेगी काम
क्या है खबर?
मेटा अपने उपभोक्ता उत्पादों में चेहरे की पहचान (फेशियल रिकोनाइजेशन) तकनीक को फिर से शामिल करने की तैयारी कर रही है। इस बार कंपनी इस बार स्मार्ट ग्लासेज में इसका उपयोग करेगी। सूत्रों का कहना है कि कंपनी इस साल के अंत तक अपने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से संचालित चश्मों में चेहरे की पहचान क्षमता जोड़ने पर विचार कर रही है। आंतरिक तौर पर इस फीचर का कोडनेम 'नेम टैग' बताया जा रहा है।
तकनीक
इस तरह से काम करेगा यह फीचर
मेटा के रे-बैन या ओकले स्मार्ट ग्लासेज पहनने वाले यूजर्स AI की मदद से अपने आस-पास के लोगों को पहचान सकेंगे और उनके बारे में जानकारी हासिल कर सकेंगे। न्यूयॉर्क टाइम्स को दी गई जानकारी के अनुसार, यह यूनिवर्सल फेशियल रिकोनाइजेशन तो नहीं करेगा। यह मेटा के ऐप्स के जरिए या संभावित रूप से इंस्टाग्राम प्रोफाइल से उन लोगों के बारे में जानकारी जुटा सकता है, जिनसे पहनने वाला पहले से जुड़ा हुआ है।
योजना
क्या है कंपनी की योजना?
कंपनी का मानना है कि चेहरे की पहचान तकनीक उसके उत्पादों को OpenAI जैसी प्रतिद्वंद्वियों के उत्पादों से अलग कर सकती है। मेटा अभी भी इस बात पर विचार कर रही है कि इस तकनीक को कितना आगे बढ़ाया जाना चाहिए। सूत्रों का कहना है कि मौजूदा प्रस्तावों के तहत अनजान लोगों की पहचान करना संभव नहीं होगा। उसने इस तकनीक को लागू करने में सावधानी बरती है, क्योंकि इससे निजता और नैतिक पहलू जुड़े हुए हैं।