मेटा ला रही फेसबुक ग्रुप्स के लिए नया 'फोरम' ऐप, जानिए क्या कुछ मिलेगा इसमें
क्या है खबर?
मेटा फेसबुक ग्रुप्स के लिए 'फोरम' नाम के एक नए ऐप की टेस्टिंग कर रही है। यह ऐप उन लोगों के लिए बनाया गया है, जो ग्रुप की बातचीत को एक अलग जगह पर देखना चाहते हैं। फोरम यूजर्स के मौजूदा फेसबुक ग्रुप्स से जुड़कर पोस्ट और चर्चाओं को एक जगह दिखाएगा। इसके साथ जानकारी खोजने और नई कम्युनिटी तक पहुंचने के लिए कुछ नए फीचर भी मिलेंगे। मेटा ने इसकी टेस्टिंग मई में शुरू की थी।
काम
काम की जानकारी देने वालों को मिलेगी पहचान
फोरम में मेटा ऐसे सदस्यों की पहचान करने वाले फीचर की भी टेस्टिंग कर रही है, जो ग्रुप में लगातार उपयोगी जानकारी साझा करते हैं।
इन सदस्यों को एक खास पहचान दी जाएगी, जो पुराने कंट्रीब्यूटर बैज और ग्रुप एक्सपर्ट की जगह लेगी। ग्रुप एडमिन किसी सदस्य को सीधे यह पहचान दे सकेंगे।
मेटा भी उपयोगी योगदान देने वाले सदस्यों के नाम सुझाएगी। पहचान मिलने पर सदस्य को सूचना मिलेगी और वह चाहें तो इसे हटा सकेंगे।
AI फीचर
AI फीचर से ग्रुप में जवाब खोजना आसान
फोरम में 'आस्क' नाम का AI फीचर भी दिया जा रहा है, जो फेसबुक ग्रुप्स की बातचीत में जरूरी जानकारी खोजकर पोस्ट और कमेंट दिखाएगा।
यह जवाब ग्रुप सदस्यों के साझा अनुभवों पर आधारित होंगे। यूज़र अपने शामिल ग्रुप के अलावा सार्वजनिक ग्रुप की चर्चाओं से भी जानकारी खोज सकेंगे।
जैसे किसी सामान की तुलना, उपहार के सुझाव या किताब पढ़ने की सलाह। जवाब से यूजर सीधे संबंधित ग्रुप की बातचीत तक पहुंच सकेंगे।
कम्युनिटी
टॉपिक लेबल से खोज सकेंगे पसंद की कम्युनिटी
मेटा फोरम में पोस्ट के साथ टॉपिक लेबल की भी टेस्टिंग कर रही है।
जैसे 'सोलो ट्रैवल' या 'कोरियन फूड' जैसे लेबल पर टैप करके यूजर उसी विषय से जुड़ी दूसरी चर्चाएं देख सकेंगे। इससे लोगों को अपनी पसंद की कम्युनिटी और जरूरी जानकारी ढूंढने में आसानी हो सकती है।
हालांकि, फोरम अभी परीक्षण के दौर में है और मेटा ने इसके बड़े स्तर पर लॉन्च की तारीख नहीं बताई है। कंपनी यूजर्स से लगातार सुझाव ले रही है।