मेटा ने लॉन्च किया अपना नया AI ऐप पॉकेट, आसानी से ऐप बना सकेंगे यूजर्स
क्या है खबर?
मेटा ने बिना किसी आधिकारिक घोषणा के 'पॉकेट' नाम का नया ऐप सीमित स्तर पर उपलब्ध कराया है। रिपोर्ट के अनुसार, यह ऐप फिलहाल कुछ चुनिंदा यूजर्स के लिए ही जारी किया गया है। कंपनी ने अभी तक इसके वैश्विक लॉन्च या उपलब्ध देशों की जानकारी साझा नहीं की है। मेटा के हेल्प पेज में भी कहा गया है कि पॉकेट ऐप अभी सभी क्षेत्रों में उपलब्ध नहीं है और धीरे-धीरे इसका विस्तार किया जाएगा।
गेम
AI की मदद से बनाए जा सकेंगे मिनी गेम
पॉकेट ऐप का उद्देश्य लोगों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से छोटे-छोटे गेम और इंटरैक्टिव प्रोजेक्ट तैयार करने में सहायता देना है। ऐप में यूजर अपने आइडिया लिखकर AI की मदद से नए अनुभव तैयार कर सकेंगे। मेटा इसे एक क्रिएटिव प्लेटफॉर्म के रूप में पेश कर रही है, जहां बनाए गए प्रोजेक्ट दूसरों के साथ साझा भी किए जा सकेंगे और नए प्रयोग करने का अवसर मिलेगा।
प्रोजेक्ट
गिज्मो प्रोजेक्ट से जुड़ा हो सकता है ऐप
रिपोर्ट्स के अनुसार, पॉकेट ऐप का संबंध गिज्मो नाम के AI प्रोजेक्ट से हो सकता है। मेटा ने इसी साल उस टीम को अपने साथ जोड़ा था, जो AI की मदद से इंटरैक्टिव अनुभव तैयार करने वाले टूल पर काम कर रही थी। ऐप की लिस्टिंग और तकनीकी जानकारी में भी गिज्मो का नाम सामने आया है, जिससे माना जा रहा है कि दोनों प्रोजेक्ट आपस में जुड़े हुए हो सकते हैं।
घोषणा
अभी नहीं हुई आधिकारिक घोषणा
पॉकेट ऐप ऐप स्टोर पर दिखाई दे रहा है, लेकिन कई देशों और कई डिवाइस पर इसे अभी डाउनलोड नहीं किया जा सकता। मेटा ने अब तक इसके फीचर्स, लॉन्च की तारीख या उपलब्धता को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। माना जा रहा है कि कंपनी पहले सीमित स्तर पर इसकी टेस्टिंग कर रही है और उसके बाद इसे दुनिया के दूसरे बाजारों में भी जारी किया जा सकता है।