Loading...
बड़े डाटा लीक से दुनियाभर में 3.5 अरब रिकॉर्ड हुए लीक, जानिए कौनसी जानकारी हुई चोरी
बड़े डाटा लीक लाखों यूजर्स की जानकारी उजागर हो गई है

बड़े डाटा लीक से दुनियाभर में 3.5 अरब रिकॉर्ड हुए लीक, जानिए कौनसी जानकारी हुई चोरी

Nov 25, 2026
05:18 pm

क्या है खबर?

एक बड़े डाटा लीक में 3.5 अरब से भी अधिक रिकॉर्ड ऑनलाइन लीक हो गए हैं। इनमें यूजरनेम, पासवर्ड, राष्ट्रीय पहचान संख्या और व्यक्तिगत दस्तावेज शामिल हैं, जिससे साइबर सुरक्षा को लेकर चिंताएं पैदा हो गई हैं। 2 अलग-अलग सुरक्षा शोधकर्ताओं ने इन डाटाबेस का पता लगाया और बिना किसी प्रमाणीकरण (ऑथेंटिकेशन) के उन तक पहुंच बना ली। इस डाटा में दर्जनों देशों के व्यक्ति और समूह शामिल हैं।

खतरा 

जानकारी का हो सकता है गलत इस्तेमाल 

वायर्ड की रिपोर्ट के अनुसार, साइबर अपराधी इस तरह की जानकारी का इस्तेमाल ऑनलाइन अकाउंट को हाईजैक करने, यूजर्स की नकल करने और वित्तीय धोखाधड़ी करने के लिए कर सकते हैं।

शोधकर्ताओं के अनुसार, लीक हुए डाटा में पीड़ितों की विस्तृत प्रोफाइल शामिल हैं, जिससे अपराधियों को कई तरह की निजी जानकारियों तक पहुंच मिल सकती है। हालांकि, 3.5 अरब का आंकड़ा रिकॉर्ड की संख्या को दर्शाता है, न कि अलग-अलग व्यक्तियों की संख्या को।

पहला डाटाबेस 

पहले डाटाबेस में ये जानकारी हुईं चोरी 

ब्लैक हिल्स इंफॉर्मेशन सिक्योरिटी के जेरेमिया फाउलर ने पहला डेटाबेस खोजा।

उनकी जानकारी के अनुसार, इसमें लगभग 2 अरब लॉग-इन रिकॉर्ड थे, जिनमें ईमेल पते, यूजरनेम, पासवर्ड, कुकीज, सेशन टोकन और डिवाइस की जानकारी शामिल थी।

जानकारी को 8,471 फोल्डर्स में व्यवस्थित किया गया था, जिनमें से कुछ रिकॉर्ड को देश के आधार पर वर्गीकृत किया गया था।

फॉउलर को करोड़ों ईमेल एड्रेस, 10 करोड़ से ज्यादा सोशल मीडिया अकाउंट और करोड़ों ई-कॉमर्स अकाउंट भी मिले।

ADVERTISEMENT

दूसरा डाटाबेस 

दूसरे डाटाबेस में यह जानकारी उजागर 

दूसरा डाटाबेस साइबर सुरक्षा फर्म अपगार्ड के शोध निदेशक ग्रेग पोलॉक को मिला। उनकी जांच में लगभग 1.64 अरब रिकॉर्ड सामने आए, जिनमें से ज्यादातर चीन के लोगों और कंपनियों से जुड़े हैं।

पोलॉक ने पाया कि इस डाटाबेस में कम से कम 84 करोड़ राष्ट्रीय पहचान नंबर, 30 करोड़ फोन नंबर, लगभग 1.1 करोड़ छात्रों के एनरोलमेंट रिकॉर्ड और करीब 80 लाख बिजनेस रजिस्ट्रेशन शामिल थे।

कुछ रिकॉर्ड्स में बच्चों और मृत लोगों की जानकारी भी मौजूद थी।

ADVERTISEMENT

तरीका 

इन तरीकों से जानकारी हुई लीक 

पहले डाटाबेस की काफी सारी जानकारी इंफोस्टीलर मैलवेयर के जरिए जुटाई गई थी। यह मैलवेयर संक्रमित मशीनों से सेव किए गए पासवर्ड और अन्य बेहद संवेदनशील डाटा चुरा लेता है।

फाउलर को लगभग 4 लाख ऐसे दस्तावेज भी मिले, जिन्हें शायद और भी ज्यादा एडवांस मैलवेयर के जरिए इकट्ठा किया गया होगा।

दूसरा डाटाबेस ओपन एक्सेस के लिए उपलब्ध था और ऐसा लगता था कि यह साइबर अपराध या ग्रे-मार्केट इंफ्रास्ट्रक्चर का हिस्सा है।

ADVERTISEMENT