सैकड़ों क्रोम एक्सटेंशन चुरा रहे हैं यूजर्स का डाटा, जानिए कैसे रहें सुरक्षित
क्या है खबर?
इंटरनेट पर बढ़ते साइबर हमलों के बीच एक नया बड़ा खतरा सामने आया है। साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों ने खुलासा किया है कि 108 फर्जी क्रोम एक्सटेंशन के जरिए यूजर्स का डाटा चुराया जा रहा था। ये एक्सटेंशन सामान्य टूल की तरह दिखते थे, लेकिन अंदर से खतरनाक गतिविधियां कर रहे थे। रिपोर्ट के अनुसार, इन एक्सटेंशन को करीब 20,000 बार इंस्टॉल किया गया था, जिससे बड़ी संख्या में यूजर्स प्रभावित हो सकते हैं।
तरीका
डाटा चोरी और अकाउंट हैक करने का तरीका
सिक्योरिटी फर्म सॉकेट की रिपोर्ट के मुताबिक, ये एक्सटेंशन अलग-अलग नामों से काम कर रहे थे, लेकिन सभी एक ही सिस्टम से जुड़े थे। ये टेलीग्राम टूल, ट्रांसलेटर या गेम की तरह दिखते थे, लेकिन चुपके से यूजर की जानकारी चुरा लेते थे। कुछ एक्सटेंशन गूगल अकाउंट की डिटेल्स जैसे ईमेल और प्रोफाइल डाटा भी इकट्ठा कर रहे थे और हैकर्स के सर्वर तक भेज रहे थे।
खतरा
इन एक्सटेंशन से क्या खतरा है?
रिसर्चर्स के अनुसार, इन एक्सटेंशन से यूजर्स के अकाउंट पूरी तरह खतरे में आ सकते हैं। खासकर टेलीग्राम यूजर्स के लिए जोखिम ज्यादा है, क्योंकि उनके एक्टिव सेशन चोरी किए जा रहे थे। इससे हैकर्स बिना पासवर्ड या OTP के अकाउंट एक्सेस कर सकते हैं। इसके अलावा, कुछ एक्सटेंशन ब्राउजर को कंट्रोल करके अपने आप संदिग्ध वेबसाइट खोल रहे थे, जिससे यूजर्स की निजी जानकारी और डिवाइस दोनों खतरे में पड़ सकते हैं।
सुरक्षा
कैसे रहें सुरक्षित और क्या करें?
सिक्योरिटी एक्सपर्ट्स का कहना है कि यूजर्स को अपने ब्राउजर में इंस्टॉल सभी एक्सटेंशन की जांच करनी चाहिए। किसी भी अनजान या संदिग्ध एक्सटेंशन को तुरंत हटा दें। टेलीग्राम यूजर्स को अपने सभी एक्टिव सेशन लॉगआउट करने चाहिए। इसके साथ ही, गूगल अकाउंट की सेटिंग में जाकर अनजान ऐप्स की एक्सेस हटाना जरूरी है। नियमित रूप से पासवर्ड बदलना और सावधानी बरतना ऐसे साइबर खतरों से बचने में मदद करता है।