मेकमाईट्रिप ने मायरा को वॉयस-लेड ट्रैवल प्लानिंग सुविधा के साथ किया अपग्रेड
क्या है खबर?
ऑनलाइन ट्रैवल प्लेटफॉर्म मेकमाईट्रिप ने अपने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) संचालित ट्रिप प्लानिंग असिस्टेंट मायरा के माध्यम से वॉयस सर्च की शुरुआत की है। इससे यूजर टाइप किए गए कीवर्ड के बजाय बातचीत के माध्यम से घरेलू और अंतरराष्ट्रीय ट्रिप की खोज कर सकते हैं। इस अपग्रेड के साथ मायरा 7 भारतीय भाषाओं और अंग्रेजी में उपलब्ध हो गया है, जिससे यूजर अपनी यात्रा संबंधी जरूरतों- बजट, परिवार का आकार, सुविधाएं और गंतव्य प्राथमिकताएं का वर्णन कर सकते हैं।
विस्तार
क्षेत्रीय भाषाओं में ज्यादा हो रहा उपयोगी
कंपनी के आंकड़ों के अनुसार, मायरा ने हर तिमाही में 30 लाख से अधिक वार्तालाप किए हैं, जिनमें से 45 फीसदी से अधिक उपयोग अब टियर-2 और छोटे शहरों से हो रहा है। टाइप किए गए सर्च में भले ही अंग्रेजी का दबदबा बना हुआ है, लेकिन वॉयस इंटरेक्शन बिल्कुल अलग कहानी बयां करता है। क्षेत्रीय भाषा बोलने वाले यूजर टाइप करने की तुलना में बोलने को कहीं अधिक प्राथमिकता देते हैं।
फायदा
वॉयस सर्च का क्या होगा फायदा?
कीवर्ड-आधारित बुकिंग प्रक्रियाओं के विपरीत वॉयस सर्च से यात्रा संबंधी इरादे की अधिक विस्तृत जानकारी सामने आ रही है, जिससे सर्च परिणाम बेहतर मिलते हैं। मायरा का उपयोग करने वाले यात्री टेक्स्ट इंटरैक्शन की तुलना में लगभग 40 फीसदी अधिक लंबी वॉयस प्रॉम्प्ट के साथ अधिक गहन बातचीत कर रहे हैं। मेकमाईट्रिप के अनुसार, मायरा का उपयोग करने वाले यात्रियों की कन्वर्जन दर फिल्टर-आधारित खोजों पर निर्भर यूजर्स की तुलना में 10 फीसदी अधिक है।