LOADING...
लिंक्डइन का बड़ा दावा, कहा- अभी तक भर्ती में गिरावट के लिए जिम्मेदार नहीं है AI 
2022 के बाद से भर्तियों में 20 प्रतिशत की गिरावट आई है

लिंक्डइन का बड़ा दावा, कहा- अभी तक भर्ती में गिरावट के लिए जिम्मेदार नहीं है AI 

Apr 16, 2026
10:29 am

क्या है खबर?

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को जहां लोग नौकरियाें के लिए खतरा बता रहे हैं, वहीं प्रोफेशनल नेटवर्किंग साइट लिंक्डइन के आंकड़ों ने इस विचार को नकार दिया है। माइक्रोसॉफ्ट के स्वामित्व वाले इस प्लेटफॉर्म के मुख्य वैश्विक मामलों और कानूनी अधिकारी ब्लेक लॉविट ने इसको लेकर एक साक्षात्कार में खुलासा किया। उन्होंने स्वीकार किया कि 2022 से भर्ती में लगभग 20 प्रतिशत की गिरावट आई है, लेकिन इस विचार को खारिज कर दिया कि इसके लिए AI जिम्मेदार है।

असर 

अभी तक AI का नहीं दिखा असर 

सेमाफोर विश्व अर्थव्यवस्था शिखर सम्मेलन में एक साक्षात्कार के दौरान लॉविट ने कहा, "हर कोई इस सवाल का जवाब जानना चाहता है कि क्या AI वर्तमान में नौकरियों को प्रभावित कर रहा है? हमने इस पर गौर किया है और ईमानदारी से कहें तो हमें ऐसा कुछ नहीं दिखा है।" उन्होंने आगे कहा, "हमने उन क्षेत्रों में उस तरह के प्रभाव नहीं देखे हैं, जिनकी आप उम्मीद करेंगे, जहां हर कोई AI के बारे में बात कर रहा है।"

गिरावट 

पहले से ज्यादा नहीं है भर्ती में गिरावट  

लॉविट ने यह भी बताया कि भर्तियां कम हुई हैं, लेकिन पहले से ज्यादा नहीं। साथ ही आंकड़ों से यह भी संकेत नहीं मिलता कि पहली बार नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं की भर्ती में गिरावट आई है। हालांकि, उन्होंने कहा कि पिछले कुछ सालों में औसत नौकरी के लिए आवश्यक कौशल में 25 प्रतिशत का बदलाव आया है। AI के आने के बाद उम्मीद की जा रही है कि 2030 तक यह आंकड़ा 70 प्रतिशत तक पहुंच जाएगा।

Advertisement