Loading...
भारत-फ्रांस का संयुक्त अंतरिक्ष मिशन तैयार, 2027 में लॉन्च होगा तृष्णा सैटेलाइट
भारत-फ्रांस का संयुक्त अंतरिक्ष मिशन तैयार

भारत-फ्रांस का संयुक्त अंतरिक्ष मिशन तैयार, 2027 में लॉन्च होगा तृष्णा सैटेलाइट

Nov 23, 2026
07:42 pm

क्या है खबर?

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) और फ्रांस की अंतरिक्ष एजेंसी CNES मिलकर तृष्णा नाम का नया सैटेलाइट लॉन्च करने जा रहे हैं। भारत में फ्रांस के राजदूत थिएरी मथौ ने 23 नवंबर को बताया कि इस संयुक्त मिशन को जल्द अंतरिक्ष में भेजा जाएगा। तृष्णा एक पृथ्वी निगरानी सैटेलाइट है, जिसे प्राकृतिक संसाधनों का अध्ययन करने के लिए तैयार किया गया है। इसके लॉन्च की योजना 2027 के लिए बनाई गई है।

काम

पृथ्वी के तापमान और पानी से जुड़े बदलावों पर रखेगा नजर

तृष्णा सैटेलाइट पृथ्वी की सतह का तापमान मापने के साथ पानी और पर्यावरण से जुड़े बदलावों की जानकारी जुटाएगा।

इसके आंकड़ों से वैज्ञानिक फसलों में पानी की कमी, वाष्पीकरण, जल चक्र और जलवायु में हो रहे बदलावों को समझ सकेंगे। यह 60 मीटर तक की स्पष्टता वाली तस्वीरें लेगा और एक ही इलाके का सप्ताह में कई बार निरीक्षण कर सकेगा।

इससे खेती, जल प्रबंधन और प्राकृतिक संसाधनों की निगरानी में मदद मिलेगी।

सहयोग

भारत तैयार करेगा सैटेलाइट प्लेटफॉर्म

इस संयुक्त मिशन में दोनों देशों की अंतरिक्ष एजेंसियों ने अलग-अलग जिम्मेदारियां संभाली हैं।

फ्रांस थर्मल इंफ्रारेड उपकरण तैयार कर रहा है, जबकि भारत सैटेलाइट का मुख्य ढांचा और ऑप्टिकल सेंसर उपलब्ध करा रहा है। इसे करीब 761 किलोमीटर की ऊंचाई पर सूर्य-समकालिक कक्षा में स्थापित किया जाएगा।

उपग्रह की निर्धारित कार्य अवधि 5 साल होगी। इस मिशन की घोषणा ISRO और CNES ने 2024 में की थी।

ADVERTISEMENT

अन्य

गगनयान मिशन में भी भारत को सहयोग दे रहा फ्रांस

फ्रांस के राजदूत थिएरी मथौ ने बताया कि उनका देश भारत के मानव अंतरिक्ष मिशन गगनयान में भी तकनीकी मदद कर रहा है।

इसके अलावा, दोनों देशों ने अंतरिक्ष की निगरानी और सुरक्षा से जुड़ी क्षमताओं पर काम करने के लिए विशेषज्ञ समूह बनाए हैं। मथौ के मुताबिक, फ्रांस भारत में स्थानीय स्तर पर उत्पादन को बढ़ावा देने के पक्ष में है।

अंतरिक्ष क्षेत्र में भी दोनों देश इसी दिशा में मिलकर काम करने की योजना बना रहे हैं।

ADVERTISEMENT