LOADING...
गूगल सर्च में दिख रहा फोन नंबर या पता? ऐसे हटाएं अपनी जानकारी
इसके लिए कुछ जरूरी शर्तें भी पूरी करनी होती हैं

गूगल सर्च में दिख रहा फोन नंबर या पता? ऐसे हटाएं अपनी जानकारी

Jun 26, 2026
09:55 am

क्या है खबर?

अगर आपका मोबाइल नंबर, ईमेल, घर का पता या दूसरी निजी जानकारी गूगल सर्च में दिखाई दे रही है, तो उसे हटाने का अनुरोध किया जा सकता है। गूगल ने इसके लिए कई टूल उपलब्ध कराए हैं। हालांकि, सर्च रिजल्ट से जानकारी हटने का मतलब यह नहीं है कि वह मूल वेबसाइट से भी हट जाएगी। इसके लिए अलग प्रक्रिया अपनानी पड़ती है और कुछ जरूरी शर्तें भी पूरी करनी होती हैं।

#1

पहले जांचें जानकारी कहां दिखाई दे रही है?

सबसे पहले अपना गूगल अकाउंट में साइन इन करके "रिजल्ट्स अबाउट यू" फीचर का इस्तेमाल करें। यहां अपना मोबाइल नंबर, ईमेल या पता जैसी जानकारी दर्ज करें। गूगल इसके बाद इंटरनेट पर आपकी जानकारी खोजकर बताएगा कि वह किन सर्च रिजल्ट में दिखाई दे रही है। इसी पेज से हटाने के अनुरोध की स्थिति भी देखी जा सकती है। ईमेल या गूगल ऐप के जरिए अलर्ट भी मिल सकते हैं।

#2

गूगल सर्च से ऐसे भेजें हटाने का अनुरोध

अगर आपकी निजी जानकारी किसी सर्च रिजल्ट में दिखाई दे रही है, तो उस रिजल्ट के सामने दिए गए तीन डॉट वाले मेन्यू पर सबसे पहले क्लिक करें। इसके बाद 'रिजल्ट हटाएं' विकल्प चुनें और कारण बताकर अनुरोध भेज दें। बैंक अकाउंट की जानकारी, सरकारी पहचान पत्र, पासवर्ड, मेडिकल रिकॉर्ड या दूसरी संवेदनशील जानकारी के लिए गूगल के सपोर्ट पेज पर जाकर अलग से भी अनुरोध किया जा सकता है।

Advertisement

#3

वेबसाइट और कैश्ड पेज से भी हटवाएं जानकारी

अगर आपसे जुडी कोई भी जानकारी किसी वेबसाइट पर मौजूद है, तो सबसे पहले उस वेबसाइट के मालिक या एडमिन से उसे हटाने की मांग करें। जानकारी हटने के बाद भी अगर पुराना पेज गूगल सर्च में दिखे, तो गूगल के पुराने कंटेंट हटाने वाले टूल से कैश्ड रिजल्ट हटाने का अनुरोध भेजें। इसी तरह पुरानी तस्वीरों के लिए गूगल इमेज के रिमूवल टूल का इस्तेमाल किया जा सकता है।

Advertisement

#4

रिक्वेस्ट के बाद गूगल ऐसे करता है कार्रवाई

अनुरोध भेजने के बाद गूगल पहले उसकी जांच करता है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त जानकारी भी मांग सकता है। मंजूरी मिलने पर संबंधित सर्च रिजल्ट हटाया जा सकता है, लेकिन मूल वेबसाइट से जानकारी अपने आप नहीं हटती। इसलिए पूरी तरह डाटा हटाने के लिए वेबसाइट से भी संपर्क करना जरूरी होता है। गूगल हर मामले में निजता और सार्वजनिक हित, दोनों को ध्यान में रखकर अंतिम फैसला लेता है।

Advertisement