आईरोबोट के सह-संस्थापक का नया प्रोजेक्ट, बना रहे हैं इंसानों से जुड़ने वाला AI रोबोट
क्या है खबर?
आईरोबोट के सह-संस्थापक कॉलिन एंगल ने एक नई कंपनी शुरू की है, जिसका नाम फैमिलियर मशीन्स एंड मैजिक है। यह कंपनी ऐसे रोबोट विकसित कर रही है, जो घर के काम करने के बजाय लोगों के साथ जुड़ने और बातचीत करने के लिए बनाए जाएंगे। इन रोबोट को 'फैमिलियर्स' कहा जा रहा है। इनका लक्ष्य इंसानों को समझना, उनके व्यवहार के अनुसार ढलना और उन्हें एक अलग तरह का अनुभव देना है।
खासियत
इंसानों से जुड़ने वाला AI रोबोट
कंपनी के अनुसार, ये रोबोट ऐसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सिस्टम होंगे, जो लोगों को समझते हैं और उनके साथ सामान्य तरीके से बातचीत करते हैं। इन्हें एक तरह से डिजिटल पालतू जानवर जैसा माना जा सकता है, लेकिन इनमें भावनाओं की जगह एल्गोरिदम काम करता है। कॉलिन एंगल का कहना है कि अब रोबोट सिर्फ काम करने के लिए नहीं, बल्कि इंसानी जुड़ाव बनाने के लिए भी तैयार किए जा रहे हैं, जो भविष्य की बड़ी दिशा हो सकती है।
डिजाइन
कैसा है यह नया रोबोट डिजाइन?
यह रोबोट जानवर जैसा दिखता है और इसमें टच-सेंसिटिव सतह दी गई है। इसके अंदर कैमरा और माइक्रोफोन सिस्टम लगा है, जिससे यह लोगों की आवाज और हरकत को समझ सकता है। इसमें एक खास AI सिस्टम लगाया गया है जो बातचीत और व्यवहार को बेहतर तरीके से समझता है। यह रोबोट अपने पूरे शरीर की हरकतों से प्रतिक्रिया दे सकता है, जिससे यह और ज्यादा जीवंत महसूस होता है।
प्रोटोटाइप
अभी प्रोटोटाइप, लॉन्च की जानकारी नहीं
फिलहाल यह रोबोट एक प्रोटोटाइप के रूप में तैयार किया गया है और अभी बाजार में उपलब्ध नहीं है। कंपनी ने इसकी कीमत या लॉन्च तारीख के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। यह प्रोजेक्ट अभी शुरुआती चरण में है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर यह सफल होता है, तो भविष्य में ऐसे रोबोट लोगों के साथ रहने और उनकी मदद करने के नए तरीके खोल सकते हैं, जिससे टेक्नोलॉजी का उपयोग और बढ़ेगा।