Loading...
त्योहारों पर फीकी पड़ी आईफोन की चमक, बिक्री में 30 प्रतिशत तक गिरावट
त्योहारों पर फीकी पड़ी आईफोन की चमक

त्योहारों पर फीकी पड़ी आईफोन की चमक, बिक्री में 30 प्रतिशत तक गिरावट

Oct 27, 2026
03:14 pm

क्या है खबर?

भारत में इस साल दशहरा और दिवाली के मौके पर ऐपल की बिक्री में गिरावट देखने को मिल रही है। मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के अनुसार, त्योहारी सीजन में आईफोन की बिक्री 30 प्रतिशत तक घट गई है। खुदरा कारोबारियों और बाजार विशेषज्ञों का अनुमान है कि 2025 में रिकॉर्ड 1.43 करोड़ यूनिट की बिक्री के बाद इस साल भारत में आईफोन की आपूर्ति में दो अंकों की गिरावट आ सकती है। इससे कंपनी की बढ़त प्रभावित होने की आशंका है।

वजह

कीमतें बढ़ने और छूट कम होने से घटी मांग

बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, आईफोन की कीमतें बढ़ने, त्योहारी छूट कम मिलने और लोग पुराने फोन लंबे समय तक इस्तेमाल करने के कारण बिक्री प्रभावित हुई है।

पुराने आईफोन मॉडल और आईफोन 18 प्रो सीरीज महंगे होने से ग्राहक खरीदारी टाल रहे हैं। सितंबर में सामान्य आईफोन 18 पेश नहीं होने का भी असर पड़ा है।

विशेषज्ञों का मानना है कि इसकी कुछ मांग 2026 की आखिरी तिमाही से खिसककर 2027 की पहली तिमाही में जा सकती है।

स्टॉक

पुराने मॉडल का स्टॉक बढ़ा

दशहरे के दौरान बिक्री धीमी रहने से दुकानदारों और वितरकों के पास पुराने आईफोन का स्टॉक बढ़ गया है। आईफोन 15, 16 और 17 की मांग भी कमजोर हुई है।

दूसरी ओर, आईफोन 18 प्रो और प्रो मैक्स की आपूर्ति कम बताई जा रही है। मोबाइल खुदरा कारोबारियों के संगठन के अनुसार, नए आईफोन डुओ में ग्राहकों की दिलचस्पी के बावजूद दुकानों तक सीमित संख्या में फोन पहुंचे।

कुछ दुकानदारों को उम्मीद से काफी कम यूनिट मिलीं।

ADVERTISEMENT

आईफोन डुओ

आईफोन डुओ की कीमत करीब 3 लाख रुपये

भारत में आईफोन डुओ की शुरुआती कीमत 2.99 लाख रुपये है।

खुदरा कारोबारियों के अनुमान के मुताबिक, शुरुआत में केवल 6,000-7,000 बिक्री योग्य यूनिट उपलब्ध कराई गईं। सीमित आपूर्ति के कारण दुबई से भी फोन मंगाए जाने की जानकारी सामने आई है।

दुनिया के कुछ ग्राहकों ने फोन की अंदरूनी स्क्रीन में दरार आने की शिकायत की है। ऐपल ने कुछ यूनिट में समस्या स्वीकार की और प्रभावित ग्राहकों को सहायता के लिए संपर्क करने की सलाह दी है।

ADVERTISEMENT