Loading...
इंस्टाग्राम रील्स-फीड पोस्ट में जोड़ सकेंगे अमेजन एफिलिएट लिंक, जानिए क्या होगा फायदा
इंस्टाग्राम ने रील्स-फीड पोस्ट में अमेजन एफिलिएट लिंक जोड़ने की सुविधा शुरू की है

इंस्टाग्राम रील्स-फीड पोस्ट में जोड़ सकेंगे अमेजन एफिलिएट लिंक, जानिए क्या होगा फायदा

Nov 17, 2026
09:58 am

क्या है खबर?

इंस्टाग्राम ने ऐसा फीचर पेश किया है, जिससे क्रिएटर्स रील्स और फीड पोस्ट में अमेजन एफिलिएट लिंक जोड़कर कमाई कर सकेंगे। हर रील में 30 और फीड पोस्ट में 20 तक लिंक जोड़ सकते हैं। इससे उनके लिए एक ही कंटेंट के जरिए अलग-अलग उत्पादों से कमाई करना मुमकिन हो जाएगा। स्टोरीज, डायरेक्ट मैसेज (DM) और बायो के जरिए लिंक शेयर की सुविधा पहले से ही मिल रही है, लेकिन इससे लिंक ऐप के अन्य हिस्सों में भी दिखाई देंगे।

फायदा 

पुराने तरीकों से ज्यादा मिले क्लिक

टेकक्रंच के अनुसार, क्रिएटर्स की रील्स और पोस्ट पर दिए प्रोडक्ट लिंक को बायो में मौजूद लिंक की तुलना में लगभग दोगुने क्लिक मिले।

इस तरह क्रिएटर्स को रील्स और फीड पोस्ट में सीधे कई प्रोडक्ट लिंक जोड़ने की सुविधा देकर यह प्लेटफॉर्म उनके लिए कंटेंट से कमाई करने के मौके बढ़ा रहा है।

साथ ही इससे उन्हें अपनी सिफारिशें शेयर करने के तरीके में भी ज्यादा छूट मिलती है। फिलहाल इसे अमेरिकी यूजर्स के लिए शुरू किया गया है।

तरीका 

ऐसे कर सकेंगे फीचर का उपयोग 

इंस्टाग्राम के अनुसार, प्रोडक्ट और एफिलिएट लिंक जोड़ना मुफ्त है और यह खरीदारी पर कोई कमीशन नहीं लेता है और न ही कोई लेन-देन शुल्क लगाता है।

क्रिएटर्स 'प्रोफेशनल डैशबोर्ड' के 'मॉनेटाइजेशन' सेक्शन के जरिए अपने इंस्टाग्राम और अमेजन इन्फ्लुएंसर अकाउंट को जोड़ सकते हैं।

इसके बाद जब वे कंटेंट में अमेजन प्रोडक्ट्स को टैग करते हैं तो प्लेटफाॅर्म अपने आप उनमें एफिलिएट लिंक जोड़ देता है, जो देखने वाले को सीधे अमेजन शॉपिंग ऐप पर ले जाते हैं।

ADVERTISEMENT