इंस्टाग्राम ने लॉन्च किया 'इंस्टेंट्स' फीचर, यूजर्स DM में नए तरीके से साझा कर पाएंगे फोटो
क्या है खबर?
इंस्टाग्राम ने अपने प्लेटफॉर्म पर इंस्टेंट्स नाम का नया फीचर शुरू करने की घोषणा की है। इस फीचर के जरिए यूजर्स दोस्तों के साथ तुरंत फोटो साझा कर सकेंगे, जो कुछ समय बाद अपने आप गायब हो जाएंगी। कंपनी ने बताया कि इसका रोलआउट 13 मई से शुरू हो गया है और जल्द ही भारत में भी आईफोन और एंड्रॉयड यूजर्स को यह सुविधा मिलने लगेगी। यह लोगों को ज्यादा निजी और बिना फिल्टर वाली फोटो शेयरिंग का अनुभव देगा।
तरीका
फोटो शेयर करने का तरीका होगा अलग
इंस्टेंट्स फीचर में यूजर्स फोटो खींचकर सीधे अपने करीबी दोस्तों या म्यूचुअल फॉलोअर्स को भेज सकेंगे। यह फोटो देखने के बाद खुद हट जाएगी। भेजी गई तस्वीरें इनबॉक्स के नीचे छोटे फोटो ग्रुप की तरह दिखाई देंगी। इस फीचर में फोटो भेजने से पहले कैप्शन लिखना जरूरी होगा, लेकिन तस्वीर को बाद में एडिट नहीं किया जा सकेगा। लोग फोटो पर रिएक्शन भी दे सकेंगे और जवाब सीधे DM में दिखाई देंगे।
सुविधा
अलग ऐप और सेव रखने की सुविधा
इंस्टाग्राम कुछ देशों में इंस्टेंट्स के लिए अलग मोबाइल ऐप की भी जांच कर रहा है। कंपनी के अनुसार, इससे कैमरा जल्दी खुलेगा और फोटो तुरंत शेयर की जा सकेगी। यूजर्स उसी इंस्टाग्राम अकाउंट से इसमें लॉग इन कर पाएंगे। इसके साथ एक नया आर्काइव फीचर भी दिया गया है, जिसमें शेयर की गई फोटो एक साल तक निजी तौर पर सेव रहेगी। यूजर्स चाहें तो फोटो को देखने से पहले वापस हटा सकते हैं।
सुरक्षा
टीन यूजर्स के लिए सुरक्षा पर ध्यान
कंपनी ने कहा कि इंस्टेंट्स फीचर में सुरक्षा और प्राइवेसी से जुड़े सभी जरूरी कंट्रोल दिए गए हैं। इसमें ब्लॉक, म्यूट और रिस्ट्रिक्ट जैसे पुराने फीचर भी मौजूद रहेंगे। किशोर यूजर्स के लिए यह फीचर टीन अकाउंट और पैरेंटल कंट्रोल के साथ अपने आप काम करेगा। स्क्रीनशॉट और स्क्रीन रिकॉर्डिंग की सुविधा भी बंद रखी गई है। इंस्टाग्राम का कहना है कि अगर कोई गलत कंटेंट शेयर होता है, तो यूजर्स उसे रिपोर्ट कर सकेंगे।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें पोस्ट
Say hi to Instants 👋 A new way to share in-the-moment pics with friends. Tap the mini pile of photos at the bottom right corner of your DMs to try it yourself 👀
— Instagram (@instagram) May 13, 2026
Rolling out today. pic.twitter.com/zbhsOA9O9m