इंस्टाग्राम ने बंद किया एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग फीचर, कैसे डाउनलोड करें पुराने मैसेज?
क्या है खबर?
इंस्टाग्राम ने 8 मई, 2026 से एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग सपोर्ट बंद कर दिया है। अब यूजर्स इस फीचर का इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे। मेटा ने कहा है कि जिन लोगों के पास पुराने एन्क्रिप्टेड मैसेज मौजूद हैं, वे अपना जरूरी डाटा डाउनलोड कर सकते हैं। कंपनी ने इसके लिए डाउनलोड विकल्प भी दिया है। यह सुविधा फिलहाल सिर्फ कंप्यूटर पर उपलब्ध कराई गई है। यूजर्स अपने पुराने मैसेज, फोटो, वीडियो और दूसरे मीडिया की कॉपी डाउनलोड कर सकते हैं।
बदलाव
यूजर्स पर क्या पड़ेगा इसका असर?
एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन ऐसी तकनीक मानी जाती है, जिसमें सिर्फ मैसेज भेजने और पाने वाला व्यक्ति ही चैट पढ़ सकता है। प्लेटफॉर्म खुद भी उन मैसेजेस को नहीं देख पाता, लेकिन अब इंस्टाग्राम से यह फीचर हटने के बाद मेटा जरूरत पड़ने पर मैसेज, फोटो, वीडियो और वॉइस नोट्स तक पहुंच बना सकेगी। हालांकि, कंपनी ने कहा है कि सामान्य एन्क्रिप्शन जारी रहेगा, जिससे मैसेज ट्रांसमिशन के दौरान सुरक्षित रहेंगे, लेकिन प्लेटफॉर्म उन्हें एक्सेस कर सकेगा।
सलाह
ऐसे डाउनलोड करें अपना एन्क्रिप्टेड डाटा
इंस्टाग्राम पर एन्क्रिप्टेड डाटा डाउनलोड करने के लिए यूजर्स को कंप्यूटर से लॉगिन करना होगा। इसके बाद नीचे बाईं तरफ दिख रहे मेनू विकल्प पर क्लिक करना होगा। फिर 'योर एक्टिविटी' सेक्शन में जाना होगा। यहां सबसे नीचे 'डाउनलोड एन्ड-टू-एन्ड एन्क्रिप्टेड डाटा' का विकल्प दिखाई देगा। उस पर क्लिक करने के बाद 'नेक्स्ट' दबाना होगा। अगर डिवाइस ऑथेंटिकेटेड नहीं होगा, तो यूजर से पिन भी मांगा जा सकता है, ताकि अकाउंट की सुरक्षा बनी रहे।
प्राइवेसी बहस
पासवर्ड डालते ही शुरू होगी डाउनलोड प्रक्रिया
अगले चरण में यूजर्स को अपना इंस्टाग्राम अकाउंट पासवर्ड दर्ज करना होगा। इसके बाद 'रिक्वेस्ट डाउनलोड' विकल्प पर क्लिक करना होगा। कंपनी के अनुसार, डाटा तैयार होने के बाद फाइल ब्राउजर में डाउनलोड हो जाएगी। डाउनलोड की गई फाइल में पुराने मैसेज, फोटो, वीडियो और दूसरे अटैचमेंट शामिल हो सकते हैं। मेटा ने यूजर्स को सलाह दी है कि जरूरी डाटा जल्द सुरक्षित कर लें, ताकि फीचर बंद होने के बाद कोई जरूरी जानकारी हमेशा के लिए न खो जाए।