नकली कॉपीराइट क्लेम से इंस्टाग्राम क्रिएटर्स परेशान, पैसे मांग रहे स्कैमर
क्या है खबर?
इंस्टाग्राम क्रिएटर्स को नकली कॉपीराइट क्लेम के जरिए निशाना बनाने का मामला सामने आया है। BBC की रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ लोग बिना अधिकार के पोस्ट पर कॉपीराइट स्ट्राइक लगाकर क्रिएटर्स से क्लेम हटाने के बदले पैसे मांग रहे हैं। बार-बार स्ट्राइक मिलने पर अकाउंट अस्थायी रूप से बंद हो सकता है। ऐसे मामलों में क्रिएटर्स का कहना है कि अकाउंट बंद रहने से उनकी कमाई और ब्रांड डील्स पर भी असर पड़ रहा है।
मांग
स्ट्राइक के बाद मांगे जा रहे पैसे
कई क्रिएटर्स ने बताया कि उन्हें एक साथ कई पोस्ट पर कॉपीराइट स्ट्राइक मिलीं। इसके बाद कथित तौर पर उन्हें मैसेजिंग ऐप पर संपर्क कर क्लेम हटाने के बदले रकम मांगी गई।
15 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स वाले ओली ने बताया कि उनका अकाउंट बंद होने के बाद उन्होंने आखिरी उपाय के तौर पर 50 डॉलर दिए।
हालांकि, पेमेंट के तुरंत बाद फिर नई कॉपीराइट स्ट्राइक आ गईं और अकाउंट की कमाई प्रभावित हुई।
नुकसान
अकाउंट बंद होने से नुकसान
कॉपीराइट क्लेम से प्रभावित एक अन्य क्रिएटर ने बताया कि अकाउंट की समस्या के कारण जरूरी ब्रांड कॉन्ट्रैक्ट भी हाथ से निकल गए।
इंस्टाग्राम पर वेरिफाइड यूजर्स को हर महीने फीस देकर लाइव चैट के जरिए सपोर्ट मिलता है, लेकिन क्रिएटर्स का आरोप है कि सामान्य अपील प्रक्रिया धीमी रहती है।
मेटा ने कहा कि प्रभावित अकाउंट्स पर अतिरिक्त सुरक्षा लगाई गई है। कंपनी के अनुसार, केवल अधिकार धारक या अधिकृत प्रतिनिधि ही रिपोर्ट कर सकते हैं।
खतरा
AI से बढ़ा नकली क्लेम का खतरा
कॉपीराइट के नाम पर इस तरह की जबरन वसूली इंटरनेट पर नई नहीं है, लेकिन विशेषज्ञों के मुताबिक AI ने इसे बड़े स्तर पर करना आसान बना दिया है।
AI की मदद से बड़ी संख्या में पोस्ट और अकाउंट खोजकर उन पर क्लेम करना संभव हो गया है।
विशेषज्ञ एंड्रेस गुआडामुज़ के अनुसार, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के लिए असली और नकली शिकायतों में फर्क करना चुनौतीपूर्ण है, क्योंकि उनकी व्यवस्था सही शिकायतों पर भरोसा करके बनाई गई थी।
बचाव
ऐसे स्कैम से कैसे बचें?
ऐसे मामलों में किसी अनजान व्यक्ति को पैसे देकर कॉपीराइट क्लेम हटवाने से बचना चाहिए।
क्लेम मिलने पर पहले देखें कि शिकायत किस अधिकार धारक के नाम से की गई है और पोस्ट में इस्तेमाल कंटेंट के अधिकार आपके पास हैं या नहीं। जरूरी होने पर मूल फोटो, वीडियो या परमिशन से जुड़े दस्तावेज संभालकर रखें।
अकाउंट पर कार्रवाई होने पर इंस्टाग्राम के आधिकारिक अपील विकल्प का इस्तेमाल करें और संदिग्ध मैसेज या पैसे मांगने वालों की रिपोर्ट करें।