अलेक्सा को हर मिनट 'आई लव यू' बोलते हैं भारतीय यूजर्स, देते हैं शादी के प्रस्ताव
क्या है खबर?
गूगल असिस्टेंट और अमेजन अलेक्सा काफी तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। यूजर्स इन AI-बेस्ड असिस्टेंट के जरिए कई काम कर सकते हैं।
हालांकि, हर बार अलेक्सा को किसी काम के लिए ही कमांड नहीं दी जाती है। भारत में लोग अलेक्सा के प्रति अपना प्यार भी जाहिर कर रहे हैं और उसे शादी के प्रस्ताव भी दे रहे हैं।
अमेजन ने खुलासा किया है कि भारतीय लोग अलेक्सा को क्या-क्या कमांड देते हैं। इनमें से कुछ बड़ी मजेदार है।
अमेजन अलेक्सा
हर मिनट अलेक्सा से प्रेम का इजहार कर रहे भारतीय
अमेजन ने बताया कि भारत में अलेक्सा को सबसे ज्यादा बार 'आई लव यू' और 'अलेक्सा, विल यू मैरी मी' बोला गया।
भारतीय यूजर्स ने हर मिनट पर अलेक्सा को बताया है कि वो उससे प्यार करते हैं। साथ ही उन्होंने हर दूसरे मिनट अलेक्सा के सामने शादी का प्रस्ताव रखा है।
इसे देखकर लग रहा है कि भारत में लोग अलेक्सा को रोबोट कम और अपना जानकार ज्यादा समझ रहे हैं।
जानकारी
अलेक्सा का हालचाल लेने में भी आगे रहे भारतीय
हम जब भी किसी से मिलते हैं सबसे पहले उसे हालचाल पूछते हैं। अलेक्सा के साथ भी ऐसा हुआ है। भारतीय यूजर्स ने हर मिनट अलेक्सा से आठ बार अंग्रेजी में हालचाल पूछा है। वहीं हर मिनट तीन बार 'अलेक्सा कैसी हो?' पूछा है।
अमेजन अलेक्सा
हर मिनट चार बार सुनी गई हनुमान चालीसा
म्यूजिक रिक्वेस्ट को हैंडल करना अलेक्सा की सबसे बड़ी स्किल साबित हई है। भारत में लोगों ने अलेक्सा को सबसे ज्यादा 'हनुमान चालीसा' चलाने की रिक्वेस्ट की है।
दूसरे नंबर पर 'बेबी शार्क' और तीसरे नंबर पर 'लैंबोर्गिनी' गाना रहा। हर बार हनुमान चालीसा को हर मिनट चार बार से ज्यादा चलाया गया।
बेबी शार्क हर मिनट तीन बार और लैंबोर्गिनी हर मिनट दो बार चलाया गया। कुल मिलाकर हर मिनट अलेक्सा को 1,000 से ज्यादा गानों की रिक्वेस्ट मिली।
जानकारी
अलेक्सा से कुकरी क्लास भी ले रहे हैं यूजर्स
गाने सुनने के अलावा भारतीय यूजर्स ने अलेक्सा से कुकरी क्लास भी ले रहे हैं। 2019 में रोजाना 1,000 से ज्यादा लोगों ने अलेक्सा पर कुकरी क्लास ली। साथ ही हर मिनट अलेक्सा पर हिंदी की कोई लोककथा भी सुनी जा रही है।