भारतीय AI स्टार्टअप सर्वम ने लॉन्च किया 105 अरब पैरामीटर वाला नया मॉडल
क्या है खबर?
भारत की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी सर्वम ने अपने बड़े भाषा मॉडल का नया वर्जन बाजार में पेश किया है। कंपनी के सह-संस्थापक प्रत्यूष कुमार ने 22 नवंबर को बताया कि 105 अरब पैरामीटर वाले इस मॉडल को पहले से बेहतर बनाया गया है। इसके अलावा, कंपनी आने वाले 14 दिनों में कई नए AI मॉडल भी जारी करेगी। सर्वम का यह ऐलान ऐसे समय आया है, जब उसकी प्राथमिकताओं को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।
सुधार
भारतीय भाषाओं को समझने और काम करने में हुआ सुधार
नए मॉडल का नाम सर्वम-105B-1711 रखा गया है।
कंपनी के मुताबिक, इसमें सवालों का विश्लेषण करने, अलग-अलग डिजिटल टूल्स से काम लेने और भारतीय भाषाओं को समझने की क्षमता पहले से बेहतर है। इसे इस्तेमाल करने का खर्च भी घटाया गया है।
सर्वम का दावा है कि प्रदर्शन के मामले में यह गूगल के जेमिनी 3.5 फ्लैश-लाइट के करीब है, जबकि इसकी कीमत उस मॉडल की तुलना में पांचवें हिस्से से भी कम रखी गई है।
AI मॉडल
आवाज और तस्वीरों से जुड़े AI मॉडल भी होंगे लॉन्च
कंपनी अब तस्वीरों को पहचानने, आवाज से जुड़े काम और एज AI के लिए नए मॉडल लाने की तैयारी कर रही है।
सर्वम ने अपने मॉडल की गति बढ़ाने के लिए एनवीडिया के ग्राफिक्स प्रोसेसर पर भी काम किया है। कंपनी का कहना है कि अब 1 सेकंड में बनने वाले टोकन की संख्या दोगुनी हो गई है।
इससे पहले जुलाई में उसने 1 लाख करोड़ से अधिक पैरामीटर वाला बड़ा AI मॉडल बनाने की योजना भी बताई थी।
निवेश
सरकारी सब्सिडी और अपने निवेश पर कंपनी ने दी जानकारी
कुमार ने बताया कि इंडिया AI मिशन के तहत करीब 20 स्टार्टअप को GPU सेवाएं 40 प्रतिशत कम कीमत पर उपलब्ध कराई गई थीं।
सर्वम ने भी इस सुविधा का उपयोग अपने शुरुआती मॉडल को ट्रेन करने के लिए किया था। हालांकि, सरकार ने कंपनी को सीधे कोई रकम नहीं दी थी, बल्कि GPU उपलब्ध कराने वाली कंपनियों को सब्सिडी दी गई थी।
कुमार के अनुसार, सर्वम की व्यावसायिक सेवाएं निजी निवेश से खरीदे गए GPU पर चलती हैं।