LOADING...
भारत प्रमुख क्षेत्रों के लिए सॉवरेन क्लाउड को बढ़ावा देने पर कर रहा विचार- रिपोर्ट
सॉवरेन क्लाउड सिस्टम से डाटा उजागर होने का खतरा नहीं रहता

भारत प्रमुख क्षेत्रों के लिए सॉवरेन क्लाउड को बढ़ावा देने पर कर रहा विचार- रिपोर्ट

Apr 28, 2026
02:01 pm

क्या है खबर?

केंद्र सरकार देश की ऊर्जा, दूरसंचार और बैंकिंग जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों की कंपनियों के लिए भारत में निर्मित सॉवरेन क्लाउड सिस्टम का उपयोग करने का प्रस्ताव लाने पर विचार कर रही है। यह कदम बढ़ते भूराजनीतिक और साइबर सुरक्षा संबंधी चिंताओं के बीच उठाया जा सकता है। रिपोर्ट के अनुसार, विचाराधीन प्रस्ताव का उद्देश्य विदेशी क्लाउड प्रदाताओं पर निर्भरता कम करना, संवेदनशील डाटा और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर पर नियंत्रण मजबूत करना है।

कारण 

इस घटना के बाद प्रस्ताव लाने पर शुरू हुई चर्चा

इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, इन चर्चाओं की शुरुआत पिछले साल की उस घटना से हुई, जिसमें माइक्रोसॉफ्ट ने तेल शोधक कंपनी नायरा एनर्जी को सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी थीं। इस घटना ने नीति निर्माताओं के बीच भारतीय कंपनियों की विदेशी डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर प्रदाताओं पर निर्भरता को लेकर चिंताएं बढ़ा दी थी। इस घटना से सरकार को लगा कि कोई विदेशी कंपनी भारतीय कंपनियों की मुख्य डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर तक पहुंच को काट कर उनका कामकाज ठप कर सकती है।

चुनौती 

स्थानीय सिस्टम पर स्विच करने में आएगी चुनौती

एक अधिकारी ने कहा, "हम इस बात पर चर्चा कर रहे हैं कि महत्वपूर्ण क्षेत्रों में कार्यरत कंपनियों को अपना डिजिटल बुनियादी ढांचा केवल सॉवरेन क्लाउड पर ही होस्ट करना चाहिए।" उन्होंने घरेलू सिस्टम्स पर स्विच करने में आने वाली चुनौतियों को भी स्वीकार किया। अधिकारी ने कहा, "हमें जिस समस्या का सामना करना पड़ रहा है, वह यह है कि हमारे पास वर्तमान में इतने अच्छे घरेलू क्लाउड सिस्टम नहीं हैं, जो अमेरिका के सिस्टम्स का मुकाबला कर सकें।"

Advertisement

सॉवरेन क्लाउड 

क्या है सॉवरेन क्लाउड?

सॉवरेन क्लाउड एक ऐसी क्लाउड कंप्यूटिंग सेवा है, जिसमें डाटा देश के भीतर बने सर्वर पर संग्रहित और प्रोसेस किया जाता है। इसके साथ ही यह स्थानीय कानूनों, नियामक अनुपालन और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करता है। यह मुख्य रूप से सरकार, रक्षा, स्वास्थ्य और वित्त जैसे संवेदनशील क्षेत्रों के लिए डाटा सुरक्षा, गोपनीयता और विदेशी क्षेत्राधिकार से नियंत्रण बनाए रखने के लिए डिजाइन किया गया सिस्टम है।

Advertisement