IIT-मद्रास के बोधन AI ने लॉन्च किए भारतीय भाषाओं के 4 नए AI मॉडल
क्या है खबर?
IIT-मद्रास में इनक्यूबेट किए गए बोधन AI ने भारतीय भाषाओं में पढ़ाई को आसान बनाने के लिए चार नए AI मॉडल लॉन्च किए हैं। ये मॉडल भारतीय शिक्षा व्यवस्था के लिए एक साझा तकनीकी आधार तैयार करने की पहल का हिस्सा हैं। इन्हें AI4Bharat के साथ मिलकर विकसित किया गया है और डिजिटल पब्लिक गुड के तौर पर उपलब्ध कराया जा रहा है। इनका इस्तेमाल एडटेक कंपनियां, स्टार्टअप, शोधकर्ता, विश्वविद्यालय और सरकारी संस्थान कर सकेंगे।
काम
अलग-अलग काम करेंगे ये AI मॉडल
चारों मॉडल अलग-अलग काम करेंगे और शिक्षा से जुड़े डिजिटल टूल बनाने में मदद करेंगे।
इनमें ऑटोमैटिक स्पीच रिकग्निशन, ऑप्टिकल कैरेक्टर रिकग्निशन, मशीन ट्रांसलेशन और टेक्स्ट-टू-स्पीच मॉडल शामिल हैं। स्पीच मॉडल 27 भाषाओं को सपोर्ट करता है, जबकि OCR और TTS मॉडल 23 भाषाओं में काम करते हैं।
बोधन-ट्रांसलेट मॉडल 22 भारतीय भाषाओं में अनुवाद की सुविधा देता है। इनका मकसद संस्थानों को हर बार अपनी अलग AI तकनीक तैयार करने की जरूरत से बचाना है।
बॉट
छात्रों के लिए ट्यूटर बॉट भी लॉन्च
बोधन AI ने भारतीय भाषाओं में पढ़ाई के लिए स्टूडेंट ट्यूटर और टीचर असिस्टेंट बॉट भी शुरू किए हैं।
स्टूडेंट बॉट कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए बनाया गया है और NCERT तथा SCERT पाठ्यक्रम के अनुसार काम करेगा। छात्र 22 भारतीय भाषाओं में टेक्स्ट या आवाज के जरिए सवाल पूछ सकेंगे।
यह किताबों की सामग्री के आधार पर समझाने, उदाहरण देने, आकलन करने और गणना जैसे कामों में भी मदद करेगा।
अन्य
शिक्षकों के काम भी आसान होंगे
टीचर बॉट शिक्षकों को पाठ योजना, वर्कशीट, क्विज, होमवर्क और रिवीजन सामग्री तैयार करने में मदद करेगा।
शिक्षक कक्षा, विषय, टॉपिक, समय और कठिनाई के आधार पर सामग्री बना सकेंगे। बोधन AI के अनुसार, AI से तैयार सामग्री पर शिक्षक का नियंत्रण रहेगा और वे उसे बदल, दोबारा बना या हटा सकेंगे।
इन मॉडल्स को भारतीय भाषाओं, क्षेत्रीय बोलियों और अलग-अलग उच्चारण को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, ताकि शिक्षा में इनका उपयोग बड़े स्तर पर हो सके।