खराब उत्पाद या सेवा से हैं परेशान, व्हाट्सऐप पर धोखाधड़ी की ऐसे करें शिकायत
क्या है खबर?
सरकार ने उपभोक्ताओं को खराब उत्पादों और सेवाओं से होने वाले नुकसान से न्याय दिलाने के लिए कई अधिकारी दिए हैं। ठगे जाने के बावजूद कई लोग प्रक्रिया से अनजान होने के कारण शिकायत नहीं कर पाते और नुकसान झेलने के बाद चुपचाप बैठ जाते हैं। इसके लिए सरकार ने व्हाट्सऐप के जरिए शिकायत करने का आसान तरीका दिया है, जिसके बारे में कम लोगों को पता है। आइये जानते हैं व्हाट्सऐप पर ग्राहक अधिकारों को लेकर कैसे शिकायत करें।
उद्देश्य
क्या है इस पहल का उद्देश्य?
'जागो ग्राहक जागो' मुहिम के तहत व्हाट्सऐप पर यह सुविधा शुरू की गई है। इसके तहत उपभोक्ता बिना किसी परेशानी के सीधे अपने मोबाइल स्क्रीन पर खराब उत्पाद या सर्विस की शिकायत दर्ज कर सकते हैं। इसके अलावा संवाद कर जानकारी ले सकते हैं या समाधान की स्थिति भी ट्रैक कर सकते हैं। इस पहल का मकसद ग्राहकों को तेज, आसान तथा सुविधाजनक तरीका देना है, जिससे समय और धन दोनों की बचत हो सके।
तरीका
इस तरह से करें शिकायत
इसके लिए आपको अपने स्मार्टफोन में राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन नंबर- 8800001915 सेव करना है। इसके बाद व्हाट्सऐप खोलकर इस नंबर पर 'Hi' या 'Hello' लिखकर सेंड करें। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) चैटबॉट पर आपको हिंदी और अंग्रेजी भाषा का विकल्प देगा। उपयुक्त भाषा चुनने के बाद आपको नई शिकायत दर्ज करने, शिकायत का स्टेटस जाने और सामान्य सवाल करने जैसे विकल्प मिलेंगे। इनमें से पहले विकल्प का चुनाव कर आप शिकायत लिखकर या बोलकर भेज सकते हैं।